वाराणसी की जनता ने जब से नरेंद्र मोदी को अपने क्षेत्र का सांसद चुना है तब से लेकर अब तक मोदी सरकार के 31 मंत्रियों ने मिलकर कुल 129 बार यहां का दौरा किया है।
यह दौरे पिछले साल के 26 मई से लेकर 30 जून के बीच किए गए हैं। एक आरटीआई के जवाब में जिला प्रशासन ने बताया कि कुल 27 मंत्रालयों के मंत्रियों और अधिकारियों ने अपने विभिन्न कार्यक्रमों के तहत वाराणसी का दौरा किया।
इनमें से 144 ऐसे दौरे हैं जो वरिष्ठ अधिकारियों ने किए हैं जिनमें से 56 दौरे सचिव और संयुक्त सचिव स्तर के अधिकारियों ने किए हैं।
पीएम ने दिए हैं निर्देश
रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा ने ही 52 बार वाराणसी का दौरा किया है। वह जब भी अपने संसदीय क्षेत्र गाजीपुर में आते हैं वह वाराणसी भी पहुंचते हैं। अभी हाल ही में उन्होंने एक रेलवे प्रोजेक्ट और कपड़ा मंत्रालय के व्यापार सुविधा केंद्र का भी निरीक्षण किया था।
प्रधानमंत्री ने मनोज सिन्हा, कपड़ा मंत्री संतोष गंगवार और पर्यटन मंत्री महेश शर्मा को निर्देश दिए हैं कि वे महीने में कम से कम एक बार संसदीय क्षेत्र के कार्यालय का निरीक्षण करेंगे और जनता की समस्यों की सुनवाई भी करें।
सूक्ष्म एवं लघु उद्योग मंत्री कलराज मिश्र ने भी व्यापारियों को प्रोत्साहित करने के लिए कई बैठकें की। वह सोलह बार वाराणसी का दौरा कर चुके हैं। इसके अलावा खुद प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी ने अपने संसदीय क्षेत्र का दो बार दौरा कर चुके हैं। उनके दो दौरे रद्द भी किए जा चुके हैं जिनमें से पहला दौरा पिछले साल के अक्टूबर में और दूसरा इस साल 28 जून को रद्द हुआ था।
16 जुलाई को पीएम वाराणसी में
नरेंद्र मोदी 16 जुलाई को फिर से वाराणसी में होंगे। अपने संसदीय क्षेत्र के दौरे के दौरान वह विभिन्न कार्यक्रमों का उद्घाटन भी करेंगे जिनमें बीएचयू के ट्रामा सेंटर का उद्घाटन प्रमुख है।
इन दौरों के बारे में अतिरिक्त जिला अधिकारी (प्रोटोकॉल) ओम प्रकाश चौबे ने बताया कि शहर में केंद्र सरकार द्वारा चलाए जा रहे विकास कार्यों का जायजा लेने के लिए केंद्रीय मंत्री और अधिकारी लगातार यहां आ रहे हैं।
अब तक वाराणसी का जिन मंत्रालयों के मंत्रियों और अधिकारियों ने दौरा किया है उनमें महिला एवं बाल विकास, कौशल विकास एवं उद्यमिता, सामाजिक न्याय और अधिकारिता, सड़क एवं परिवहन, स्वास्थ्य व परिवार कल्याण, जल संसाधन, ऊर्जा, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन, कृषि, वाणिज्य, पर्यटन, गृह, संस्कृति, वित्त, मानव संसाधन, पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस जैसे मंत्रालय शामिल हैं।