'बांबे बॉयज' और बूम जैसी एकदम अलग अंदाज की फिल्में निर्देशित कर चुके कैजाद गुस्ताद अब फिल्म जैकपॉट लेकर आ रहे हैं। इस फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है और अब प्रदर्शन की तैयारियां चल रही हैं। जैकपॉट में सनी लियोनी और सचिन जोशी की जोड़ी है।
नसीरुद्दीन शाह भी इस फिल्म में एक अहम किरदार निभा रहे हैं। जैकपॉट की ज्यादातर शूटिंग गोवा में हुई है। कैजाद गुस्ताद इस फिल्म से ज़ुड़े कुछ खुलासे कर रहे हैं।
आपकी इमेज एक बोल्ड फिल्म मेकर की है। क्या जैकपॉट भी आपकी पिछली फिल्मों की तरह ही बोल्ड है?
मैं हमेशा ही समाज के ऐसे चरित्र परदे पर उतारता हूं, जो रियल होते हैं। वे विलेन नहीं होते, बल्कि उनका कलर ग्रे होता है। जहां तक जैकपॉट की बात है, इस फिल्म के सभी किरदार ग्रे शेड वाले हैं।
फिल्म में एक कैसिनो की कहानी है, जिसका नाम जैकपॉट है। यह एक फिक्शनल फिल्म है। फिल्म की कहानी इतनी रोचक है कि हॉल में बैठ चुका दर्शक इसे किसी भी हालत में नहीं छोडऩा चाहेगा।
चूंकि जैकपॉट की कहानी कैसिनो पर आधारित है, इसीलिए इस फिल्म की पूरी शूटिंग गोवा में की गई है?
हां, फिल्म में गोवा की कहानी है। ज्यादातर शूटिंग यहां के एक मशहूर कैसिनो पर ही हुई है। मैं दावा करता हूं कि इस फिल्म में कैसिनो की जैसी विश्वसनीय दुनिया दर्शाई गई है, वैसी किसी अन्य फिल्म में चित्रित नहीं हुई है।
लीड भूमिका के लिए सनी लियोनी और सचिन जोशी का चयन कितना सटीक रहा?
सनी और सचिन की जोड़ी ने मेरे मन के मुताबिक ही काम किया है। मैं अपने कलाकारों से काफी मेहनत करवाता हूं। नसीर साहब जैसे एक्टर अगर मेरे साथ काम करते हैं, तो इसकी वजह यही है कि मैं स्क्रिप्ट और कंटेंट पर कोई समझौता नहीं करता हूं।
नसीर जैसे एक्टर को निर्देशित करना आप जैसे नए निर्देशक के लिए एक बड़े अनुभव से गुजरने की तरह है। आप क्या कहेंगे?
यह नसीर साहब का बड़प्पन है कि वे मेरे जैसे नए निर्देशकों के साथ काम करने के लिए तैयार हो जाते हैं। असल में वे किसी निर्देशक से ज्यादा स्क्रिप्ट पर गौर करते हैं। उन्हें स्क्रिप्ट पसंद आ गई, तो वे निर्देशक की ओर देखते हैं। वैसे, मैं इस मामले में बहुत ज्यादा खुशनसीब हूं कि मैं पहले भी उन्हें निर्देशित कर चुका हूं।
एक एक्ट्रेस के रूप में सनी लियोनी के बारे में आपका क्या खयाल है?
वे बहुत मेहनती हैं। उन्होंने बड़ी तेजी से हिंदी बोलना सीखा है। उनमें जबर्दस्त आत्मविश्वास है। मैं सोचता हूं कि वे जल्द ही बॉलीवुड में स्थापित हो जाएंगी।
आपकी खोज कैटरीना कैफ आज बॉलीवुड की टॉप की हीरोइन हैं। क्या फिल्म बूम के निर्देशन के दौरान आपको अंदाजा था कि वे इतने आगे जाएंगी?
जब मैं पहली बार कैटरीना से मिला था, तब उनका आत्मविश्वास देखने लायक था। मुझे उनका कहा अच्छी तरह याद है। तब उन्होंने कहा था कि वे बॉलीवुड में नंबर वन बनेंगी। कैटरीना ने बहुत मेहनत की। उन्हें जरा भी हिंदी नहीं आती थी, आज वे आसानी से हिंदी बोल लेती हैं।
मैंने अपनी फिल्म में कैटरीना को इसलिए लिया था कि वे ब्रिटेन में रहने के बावजूद भारतीय दिखती थीं। कम लोगों को पता है कि कैटरीना का सरनेम मैंने ही कैफ रखा है। उनका वास्तविक सरनेम कुछ और है। मुझे लगा था कि उनके नाम में के.के. साउंड होना चाहिए, सो मैंने उनके नाम के आगे कैफ लगा दिया।
कैफ सरनेम ही क्यों चुना?
बस यही सरनेम दिमाग में आया। उन दिनों क्रिकेट में मोहम्मद कैफ का नाम चमक रहा था, सो उनसे सरनेम उधार ले लिया।
क्या अब आप कैटरीना से संपर्क में हैं?
नहीं। न उन्होंने कभी कोई संपर्क किया और न ही मैंने। मुझे पता है कि फिल्म इंडस्ट्री में एहसान की कोई कीमत नहीं मिलती है।