शुक्रवार को रिलीज हुई प्रकाश झा की चर्चित फिल्म 'सत्याग्रह' ने अच्छी ओपनिंग ली है। मल्टीप्लेक्सों में चल रही दो और फिल्मों के बावजूद इस फिल्म को औसत से अच्छी ओपनिंग मिली है।
प्रकाश झा के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने शुक्रवार को करीब 11 करोड़ रूपए कमाए। रिलीज के दूसरे दिन भी फिल्म का कलेक्शन लगभग इतना ही रहा है। शनिवार को इस फिल्म ने करीब 13 करोड़ रूपए कमाए है।
रविवार को भी फिल्म का कलेक्शन शनिवार की तुलना में थोड़ा ही चढ़ा। रविवार को इस फिल्म ने करीब 15 करोड़ रूपए की कमाई की है। इस तरह इस फिल्म ने पहले वीकेंड में करीब 39 करोड़ कमा लिए हैं।
कमाई के मामले में यह फिल्म पिछले सप्ताह रिलीज हुई 'मद्रास कैफे' से आगे निकल गई है। 'मद्रास कैफे' ने दस दिनों में लगभग इतनी ही कमाई की है। हालांकि प्रकाश झा की यह फिल्म शाहरुख 'चेन्नई एक्सप्रेस' से बहुत पीछे हैं। चेन्नई एक्सप्रेस ने तीन दिनों में ही 100 करोड़ कमा लिए थे।
अन्ना आंदोलन से प्रेरित बताई जा रही इस फिल्म में अमिताभ बच्चन, अजय देवगन, करीना कपूर, अर्जुन रामपाल, मनोज वाजपेई और अमृता राव जैसे कलाकारों की मुख्य भूमिका है। फिल्म की लागत 50 करोड़ है।