मथुरा स्थित जीएलए विश्वविद्यालय के होनहार छात्रों ने संघ लोकसेवा आयोग (यूपीएससी) परीक्षा में बेहद अच्छी रैंक पाई है। यूपीएससी की परीक्षा में जीएलए विश्वविद्यालय के सचिन कुमार वैश्य ने 94वीं रैंक ला कर अपने परिवार के साथ पूरे विश्वविद्यालय को गर्व करने का मौका दिया है।
सचिन बीटेक मैकेनिकल के छात्र रह चुके हैं और उन्होंने अपनी इस उपलब्धि के लिए कॉलेज को धन्यवाद किया। सचिन की तरह ही जीएलए से बीटेक इलेक्ट्रॉनिक एंड कम्यूनिकेशन की छात्रा रहीं उमा शर्मा ने भी इस परीक्षा में 520वीं रैंक हासिल की है।
उमा साल 2007 के बैच की छात्रा थीं। उमा पिछले साल भी इस परीक्षा में साक्षात्कार राउंड तक पहुंची थीं लेकिन अंतिम सूची में जगह नहीं बना पाईं थीं। इस बार उस कमी को भी पूरा कर उमा ने सभी को गौरवान्वित किया है।
सफल हुए छात्रों को बधाई देते हुए विश्वविद्यालय के कोषाध्यक्ष श्री नीरज अग्रवाल ने बताया कि 2010 में भी आईटी ब्रांच के छात्र प्रशांत शर्मा ने इस परीक्षा में अच्छी रैंक हासिल की थी और अब वे बरेली में एसडीएम के पद पर तैनात हैं।
यही नहीं, जीएलए के पूर्व छात्रों ने इंडियन इंजीनियरिंग सर्विसेस परीक्षा में भी अपनी जगह बनाई। इसमें संदीप कुमार तोमर ने 159वीं और गौरव कुशवाह ने 113वीं रैंक हासिल की है। संदीप बीटेक मैकेनिकल के छात्र थे जबकि गौरव सिविल इंजीनियरिंग के। जीएलए प्रबंधन ने अपने छात्रों की इस कामयाबी के लिए विश्वविद्यालय के बेहतर शिक्षा ढांचे और प्रबंधन को श्रेय दिया है।