तमिलनाडु में मदुरै के एक गांव में महिला ने अपने पति और ससुराल के अन्य छह सदस्यों को घर में जिंदा जला दिया। बुधवार को घटित इस वारदात के पीछे पुलिस पति और पत्नी के बीच विवाद को कारण मान रही है।
पुलिस इंस्पेक्टर मनोहरन ने बताया कि मदुरै के कुमारपुरम गांव के कुन्नन (27) की शादी पांडेश्वरी से कुछ साल पहले हुई थी, लेकिन आपसी विवाद के कारण करीब एक साल से दोनों अलग रह रहे थे। कुछ दिन पहले कुछ गांव वालों ने दंपति को समझाया था, जिसके बाद कुन्नन चेन्नई से गांव वापस आ गया था।
घटना के समय पुन्नन घर में मां-बाप, बहन और बहन के तीन बच्चों के साथ घर में था। आरोप है कि पांडेश्वरी घर पर आई और बाहर से दरवाजा बंद कर घर में केरोसिन छिड़ककर आग लगा दी। इससे इन सभी की मौत हो गई। वारदात के बाद पांडेश्वरी ने सदापेट्टी पुलिस के समक्ष समर्पण कर दिया।