उत्तर प्रदेश में बदायूं के अलापुर थाना क्षेत्र के गांव सलेमपुर में शिशुपाल की 25 वर्षीय पत्नी लक्ष्मीना ने अपने नौ महीने के मासूम बेटे के साथ खुद को आग लगा ली। आग से बुरी तरह झुलसे मां-बेटे को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दोनों की मौत हो गई।
महिला की मौत के बाद उसका पति फरार हो गया है। कहा जा रहा है कि महिला ने पारिवारिक कलह में यह आत्मघाती कदम उठाया।
पढ़ें, दिल्ली पुलिस के दरोगा से लूटे एक लाख
सलेमपुर का शिशुपाल और उसके पिता शुक्रवार की सुबह खेतों में काम करने निकल गए थे। घर पर शिशुपाल की पत्नी लक्ष्मीना ने नौ महीने के मासूम बेटे के साथ खुद को आग लगा ली। आग के जोर पकड़ने पर वह चीखती-चिल्लाती बाहर भागी तो पड़ोसियों को इसकी जानकारी हुई।
उन्होंने उसको बचाने के लिए कपड़े उसके ऊपर डाल दिए। इस बीच खेत पर गया शिशुपाल भी दौड़ा चला आया। वह ग्रामीणों की मदद से पत्नी और बेटे को जिला अस्पताल ले गया।
पढ़ें, गोवा में JNU की छात्रा का यौन उत्पीड़न
वहां उपचार के दौरान पहले प्रदीप ने दम तोड़ दिया और दोपहर बाद लक्ष्मीना की भी मौत हो गई। महिला के शरीर से केरोसिन की तेज दुर्गंध आ रही थी।
इलाज के दौरान शिशुपाल ने बताया कि लक्ष्मीना का मायका बिहार से सटे बलिया जिले के बिंथरा गांव में है। एक साल पहले ही उसकी शादी हुई थी। घटना के समय परिवार का कोई व्यक्ति मौके पर मौजूद नहीं था।
उन लोगों में किसी तरह का मनमुटाव भी नहीं था। हालांकि गांव में चर्चा है कि पारिवारिक कलह के चलते लक्ष्मीना ने आत्मघाती कदम उठाया। उधर लक्ष्मीना की मौत के बाद शिशुपाल का अस्पताल से फरार होना भी संदेह पैदा कर रहा है।
अस्पताल प्रशासन ने सदर कोतवाली को महिला की मृत्यु की सूचना भिजवाई है। पुलिस शनिवार को दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराएगी।