फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

तलाकशुदा पत्नी और बच्चों पर फेंका तेजाब

Sat, 27 Sep 2014 12:52 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, शाहजहांपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
यूपी में शाहजहांपुर सदर बाजार थाना क्षेत्र के मोहल्ला मामुड़ी में शुक्रवार सुबह नशे के आदी वसीम ने किराए पर रह रही तलाकशुदा पत्नी शबीना पर तेजाब से हमला कर दिया। इसमें शबीना के साथ-साथ उसके पास लेटी उसकी पांच वर्षीय बेटी रानी और तीन वर्षीय बेटा सोहिल गंभीर रूप से झुलस गए। पड़ोस में सो रहे बाकी तीन बच्चे मामूली रूप से झुलसे हैं। तीनों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस वसीम की तलाश में शाम को हरदोई रवाना हो गई।
विज्ञापन


शहर के मोहल्ला खिरनीबाग में रहने वाले हिसाब खां ने अपनी बेटी शबीना की शादी शाहाबाद (हरदोई) के मोहल्ला बाईबाग निवासी वसीम से की थी। शादी के कुछ साल बाद वसीम पत्नी शबीना के साथ शहर में किराए का मकान लेकर प्राइवेट काम कर रहा था।  कुछ साल से वसीम को स्मैक का नशा करने लगा। इसको लेकर शबीना और वसीम में अक्सर झगड़ा होता था। दो साल पहले शबीना और वसीम का कोर्ट से तलाक हो गया।

इसके बाद शबीना ने पहले मोहल्ला महमंद हद्दफ और बाद में मोहल्ला मामुड़ी में शद्दन के मकान में कमरा किराए पर ले लिया था। शबीना ने बच्चों की परवरिश के लिए घर में ही कारचोबी का काम शुरू कर दिया। सबसे बड़ी बेटी करिश्मा ने भी पढ़ाई छोड़कर काम में मां का हाथ बंटाना शुरू कर दिया था।
विज्ञापन


करिश्मा के मुताबिक दो दिन से उसका पिता बार-बार घर आकर मां से झगड़ा करते हुए मां को जान से मारने की धमकी दे रहा था। शुक्रवार सुबह करीब चार बजे वसीम दीवार फांदकर घर में घुस आया और सो रही शबीना के ऊपर बोतल से तेजाब फेंक दिया। तेजाब पड़ते ही शबीना चीख पड़ी। तेजाब डाले जाने से उसके पास सो रहे रानी, सोहिल के साथ ही नौ वर्षीय शहनूर झुलस गए।

जमीन पर लेटी करिश्मा और दस वर्षीय बेटी मुस्कान भी पर भी तेजाब के कुछ छींटें पड़े हैं। घटना के बाद सभी लोग चीखने-चिल्लाने लगे। आवाज सुनकर मोहल्ले वाले वहां पहुंच गए लेकिन वसीम के हाथ में तमंचा देखकर कोई भी उसे रोकने की हिम्मत नहीं कर सका।

वसीम के जाने के बाद मोहल्ले वाले शबीना को लेकर थाना सदर बाजार पहुंचे। पुलिस ने सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। शबीना, रानी और सोहिल का इलाज चल रहा है, जबकि अन्य को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। इंस्पेक्टर जेपी तिवारी ने बताया कि मामले में शबीना की तहरीर पर वसीम के खिलाफ तेजाब से हमला करने का मुकदमा दर्ज किया गया है।

करिश्मा के मुताबिक उसकी शादी गाजियाबाद के एक युवक से तय हुई है। इसके लिए मां ने दस हजार रुपये और करीब तीस हजार रुपये के जेवर खरीदकर रखे थे, जिन्हें उनका पिता ले गया।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें