ग्वालियर के चंदन नगर में अज्ञात बदमाशों ने गुरुवार देर रात एक ही परिवार की दो महिलाओं सहित तीन लोगों की धारदार हथियार से हत्या कर दी। हत्या का पता देर रात पुलिस को तब चला जब गृहस्वामी होटल से ड्यूटी करके लौटा। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर हत्यारों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार ग्वालियर थाना क्षेत्र के कोटेश्वर महादेव मंदिर के पास स्थित चंदन नगर में गुरुवार रात लगभग 12.30 बजे अपने घर पहुंचे होटल पर काम करने वाले कैलाश गुप्ता को घर के दरवाजे खुले मिले। पंखा चल रहा था। लाइट भी जल रहीं थी।
कैलाश ने पत्नी सरोज को आवाज लगाई तो उसने दरवाजा नहीं खोला। कैलाश जब घर के अंदर पहुंचा तो दूसरी मंजिल के पोर्च पर सरोज (47) मृत पड़ी मिली। पास ही काफी खून भी था। कैलाश ने पास ही दूसरे कमरे पर नजर डाली तो वहां उसकी पुत्रवधू रुचिका (24) अर्धनग्न अवस्था में जमीन पर पड़ी थी। इसके बाद उसने अपने बेटे पवन की तलाश की। वह तीसरी मंजिल पर खून से लथपथ पड़ा मिला। यह देख उसने अपने पड़ोसी को जगाया और घटना की जानकारी पुलिस को दी।