इंटरनेट से पायरेटेड फिल्म डाउनलोड करने वालों और इंटरनेट पर पायरेटेड फिल्म अपलोड करने वालों के लिए बुरी खबर है। हैदराबाद पुलिस ने नेट पर पायरेटेड फिल्म अपलोड करने के आरोप में तीन युवकों को गिरफ्तार किया है।
हैदराबाद की साइबर क्राइम ब्रांच ने टॉलीवुड की तीन लेटेस्ट फिल्मों रुद्रमादेवी, बाहुबली और बलेबले मगाडिवाई को तीन लोगों द्वारा अपनी वेबसाइटों पर अपलोड कर पायरेसी का धंधा करने का आरोपी बनाया है।
टाइम्स ऑफ इंडिया के अनुसार, हैदराबाद साइबर सेल को फिल्म रुद्रमादेवी के निर्देशक ने शिकायत दी थी कि बड़ी तादाद में उनकी फिल्म की पायरेसी की जा रही है जिसके उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
अब इस वेबसाइट पर नहीं मिलेगी पायरेटेट फिल्म
पुलिस अधिकारी गुनाशेखर ने बताया कि फिल्म की पायरेटेड कॉपी पहली बार मूवीरुल्ज डॉट टू पर अपलोड की गई थी। लेकिन इसके बाद कुछ ही घंटों में फिल्म रुद्रमादेवी सैकड़ो वेबसाइटों पर पहुंच गई। पुलिस ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ आईएक्ट 2008 और कॉपी राइट एक्ट 1957 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
गौरतलब है कि फिल्म रुद्रमादेवी हाल में 9 अक्टूबर को रिलीज हुई थी जिससे वेबसाइटों में इसकी कॉपी मिलने से फिल्म निर्माता को काफी नुकसान हो रहा था।
पुलिस ने मामले की छानबीन की तो पता चला कि कुछ वेबसाइटो में पायरेटेड फिल्मों करीब 1200 लिंक मौजूद हैं। पकड़े गए आरोपी इंजीनियरिंग के छात्र बताए जा रहे हैं और तीनों आरोपी पायरेटेड फिल्मों की दर्जनों वेबसाइटें चला रहे थे।
बीटेक और एमबीए के छात्र हैं फिल्म अपलोड करने वाले
पुलिस के मुताबिक, बीटेक फाइनल ईयर का छात्र पवन कंबले ने अपना गुनाह कुबूल कर लिया है। कंबले पायरेटिंग की 12 वेबसाइटें चलाता था।
अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर ने मामले पर कहा है कि कंबले की एक साइट श्रीलंका के पता पर रजिस्टर्ड है जिसमें पहली बार रुद्रमादेवी फिल्म अपलोड की गई थी।
वहीं मामले में पुलिस ने दूसरे आरोपी तनवीर अहमद को भी गिरफ्तार किया है। तनवीर ने एमबीए किया और वह तीन पायरेसी से जुड़ी तीन वेबसाइटें चला रहा है। तनवीर पायरेसी का काम अपने एक मुंबई के दोस्त जॉनी फ्रांसिस के साथ मिलकर कर रहा है। तनवीर अपनी वेबसाइटों में अब दो हजार से ज्यादा फिल्में अपलोड कर चुका है।