उन्नाव। शहर के वीआईपी क्षेत्र में एसपी आवास और पुलिस लाइन से सौ कदम की दूरी पर एक घर में नकली शराब बनाने का कारोबार चल रहा था।
मुखबिर की सूचना पर आबकारी और पुलिस की टीमों ने रविवार शाम छापा मारकर भारी मात्रा में नकली शराब के अलावा कच्चा माल और बोतलें बरामद की हैं।
आबकारी विभाग के मुताबिक जितना माल मिला, उससे करीब दो लाख कीमत से अधिक की नकली शराब बनाई जा सकती है। पुलिस ने नकली शराब बनाने वाले युवक और उसके साथी को गिरफ्तार किया है।
आबकारी और पुलिस की संयुक्त टीम ने रविवार को नकली शराब के बड़े कारोबार का खुलासा किया है। एसपी आवास से बमुश्किल सौ कदम की दूरी पर रहने वाले अनुराग कुशवाहा, जवाहर नगर मोहल्ला निवासी अपने साथी संतोष जायसवाल व अन्य साथियों के साथ काफी समय से नकली शराब का कारोबार कर रहा था।
जिला आबकारी अधिकारी केके शुक्ला ने कोतवाली पुलिस के साथ छापा मारा तो भारी मात्रा में नकली शराब और शराब बनाने का जखीरा बरामद हुआ।
पुलिस ने मकान मालिक रामपाल के बेटे अनुराग कुशवाहा और उसके साथी संतोष जायसवाल निवासी जवाहर नगर को गिरफ्तार कर लिया। घर से 6000 खाली शीशी, 8200 नकली होलोग्राम, 101 टाइगर ब्रांड के नकली पौवा, दो केन में 80 लीटर स्प्रिट, 32 खाली जरीकेन, 1300 ढक्कन, पंपिंग मशीन, 16 हजार मिस इंडिया, माधुरी, निंबूड़ा और टाइगर ब्रांड के नकली रैपर, और 8200 होलोग्राम मिले हैं। आबकारी अधिकारी के मुताबिक दोनों आरोपी कुछ साल पहले भी नकली शराब बनाने के आरोप में पकड़े जा चुके हैं। पूछताछ में अनुराग कुशवाहा ने बताया कि साथी संतोष जायसवाल के साथ मिलकर कारोबार करता है। उसके मुताबिक वह नकली शराब बनाकर कानपुर, फतेहपुर, हरदोई व अन्य जिलों में सप्लाई करता है। करीब डेढ़ साल से वह यहां नकली शराब बना रहा था। जिला आबकारी अधिकारी केके शुक्ला ने बताया कि दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। गिरोह में अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं। जांच कराई जा रही है।
इनसेट
पुलिस देख छत से कूद गया संतोष
पुलिस टीम से बचने के लिए संतोष मकान की छत पर चढ़ गया। पुलिस ने पकड़ने का प्रयास किया तो वह छत से कूद गया। इससे उसके पैर में चोट आ गई। पुलिस उसे उठाकर कोतवाली ले गई। बाद में जिला अस्पताल में इलाज कराया।