यूपी के कुशीनगर की एक नाबालिग लड़की को अपहरण कर मेरठ के फलावदा क्षेत्र में 25 हजार रुपये में बेच दिया गया। आरोपी के चंगुल से छूटकर लड़की फलावदा कस्बा में पहुंची, जिसके बाद पुलिस ने उसे सुपुर्दगी में ले लिया।
बृहस्पतिवार रात करीब नौ बजे लड़की डरी सहमी हालत में हांफती हुई फलावदा कस्बा के मोहल्ला जाटान पहुंची। मोहल्ले के लोगों ने लड़की से बातचीत की। तभी एक युवक वहां आया और लड़की को खींचकर साथ ले जाने लगा।
लोगों ने हंगामा किया, तो वह फरार हो गया। इसके बाद लोगों ने फलावद थाने की पुलिस बुला ली। लड़की ने बताया कि वह कुशीनगर जिले के थाना बिशनपुरा क्षेत्र की रहने वाली है।
लड़की की गुमशुदगी बिशनपुरा थाने पर दर्ज
10 दिन पूर्व उसे मुंह बोली बुआ अगवा करके ले आई थी। दिल्ली रेलवे स्टेशन पर फलावदा क्षेत्र के गांव बातनौर निवासी तीन युवकों से मुलाकात हुई। इनमें से एक युवक ने आरोपी महिला को 25 हजार रुपये दिए और लड़की को बातनौर ले आया गया।
एसओ फलावदा आजाद सिंह तोमर ने बताया कि लड़की की गुमशुदगी बिशनपुरा थाने पर दर्ज है। लड़की के परिजनों से मोबाइल पर संपर्क हुआ। वह शुक्रवार शाम तक मेरठ पहुंचेंगे।
परिजनों की तहरीर पर कार्रवाई होगी। फिलहाल लड़की को महिला थाना पुलिस की सुपुर्दगी में रख दिया है। उधर, आरोपी युवकों को पकड़ने के लिए दबिश दी, मगर वह घरों से फरार हो गए।
अब कवाल में रहती है आरोपी महिला
लड़की को कुशीनगर से अपहरण कर लाने वाली महिला मूलरूप से लड़की के ही गांव की है। लड़की दूसरे संप्रदाय की है, लेकिन पड़ोस में रहने के कारण वह उसको बुआ कहती थी।
लड़की ने बताया कि वर्तमान में वह महिला जानसठ (मुजफ्फरनगर) क्षेत्र के गांव कवाल में रहती है। पुलिस के मुताबिक बातनौर निवासी युवक नाबालिग लड़की को शादी करने के लिए गांव लेकर आया।
कई दिन से लड़की को घर में कैद करके रखे था। उसे घर से बाहर नहीं निकलने देता था। उससे कहता था कि अब तुम्हारी शादी होगी और तुम यहीं रहोगी। बृहस्पतिवार को वह लड़की को चूड़ियां अन्य सामान खरीदवाने के लिए फलावदा लाया था।