फेसबुक के जरिए हो रहे अपराधों का सिलसिला थम नहीं रहा। एक बार फिर फेसबुक पर हुई दोस्ती का अंजाम मौत तक पहुंच गया। इस सनसनीखेज मामले में आरोपी एक लड़की है जिसने लड़के को घर बुलाया और फिर बेरहमी से उसका कत्ल कर दिया।
मामला न्यूयॉर्क का है। पुलिस के अनुसार, पीड़ित रिचर्डो रोमेरो (16) की फेसबुक पर 17 साल की एक लड़की से दोस्ती हुई थी। बीते शुक्रवार शाम 7 बजे उनकी बात हुई थी।
अधिकारियों को आशंका है कि लड़की ने उसे फॉरडम हाइट्स इलाके पर स्थित अपने घर बुलाया था। घर पहुंचने के बाद रिचर्डो को कुछ लोगों ने घेर लिया। उसके सिर पर बीयर की बोतल से वार किया गया था और सीने के बायीं ओर चाकू मारा गया था।
सीसीटीवी में कैद हुई घटना, बीच सड़क गिरा पीड़ित
मिरर की रिपोर्ट के अनुसार, आरोपियों ने उसका पर्स और मोबाइल भी लूट लिया। पुलिस ने बताया कि उसे तीन बार चाकू मारा गया था, फिर भी वह वहां से भागने में कामयाब रहा। हालांकि दो-तीन घर पार करते हुए वह बीच सड़क पर गिर पड़ा। उसे इस हालत में देखकर राह चलते लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटनास्थल का सारा नजारा सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया जोकि पुलिस ने जांच के लिए अपने कब्जे में लिया है।
पुलिस ने इस मामले में क्रिस्चियन जुआरेज (19) को हत्या और लूट के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। जबकि 27 वर्षीय क्रिस्टोफर जार्सिया को साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
17 साल की लड़की से भी पूछताछ जारी
इस मामले में 17 साल की लड़की से भी पूछताछ की जा रही है हालांकि अब तक उस पर किसी आरोप के तहत मामला दर्ज नहीं किया गया है।
पूछताछ के दौरान जुआरजे ने पुलिस को बताया कि वह लूट की वारदात में शामिल था लेकिन हत्या नहीं की।
पुलिस के अनुसार, रिचर्डो 9 साल पहले अपने परिवार के साथ मैक्सिको से न्यूयॉर्क आया था। उसकी पहन ने कहा कि वह बहुत ही अच्छा था। उसने कभी न तो शरीब पी और न ही कभी ड्रग्स लिए।