ऑफिस में शाम को पार्टी थी। वो पार्टी में शामिल होना चाहती थी। संगीत की धुनों पर थिरकना चाहती थी। लेकिन उसके सहकर्मी ने ही उसके जीवन में कलंक की ऐसी इबारत लिख दी जिसकी कालिख उसके लिए गम और अफसोस का मंजर बन गई। एक नहीं, पांच-पांच दरिंदों ने उसे अपनी हवस का शिकार बनाया। सॉफ्टवेयर इंजीनियर के साथ हुए गैंगरेप की इस वारदात से पूरा पुणे सन्न है।
आईटी हब पुणे में टॉप सॉफ्टवेयर कंपनी में काम करने वाली 24 वर्षीय युवती ने पुलिस में शिकायत दर्ज की है कि उसके साथ उसी के सहकर्मी समेत चार अन्य ने सामूहिक बलात्कार को अंजाम दिया।
टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के मुताबिक बीते शनिवार की शाम पुणे के धनोरी में वारदात को अंजाम दिया गया।
पांच आरोपी समेत एक औरत भी गिरफ्तार
अंग्रेजी साइट पर प्रकाशित खबर के मुताबिक सामूहिक बलात्कार के आरोपी पांच लोगों समेत उस महिला को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है जिसके मकान में दुष्कर्म किया गया।
पुलिस के मुताबिक पीड़िता की तहरीर पर छापा मरा गया तो सारे आरोपी दबोच लिए गए। पुलिस की मानें तो जिस वक्त आरोपियों को दबोचने के लिए पुलिस पहुंची, सारे आरोपी उसी फ्लैट में पार्टी करते हुए मदहोश पाए गए, जहां युवती के साथ गैंगरेप किया गया था।
पीड़िता यरवदा की रहने वाली है। पीड़िता ने पुलिस और मीडिया को बताई आपबीती में कहा कि उसे याद है कि जब वो बेहोशी की हालत में थी तब उसे लगा कि कुछ लोग उसके ऊपर थे। पुलिस के मुताबिक मेडिकल रिपोर्ट भी पीड़िता के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म की तस्दीक करती है।
'दुष्कर्मी निकला सहकर्मी, नशीली चाय पिलाकर किया रेप'
असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस रविंद्र रसल ने मीडिया को बताया कि जिस सॉफ्टवेयर कंपनी में पीड़िता काम करती हैं वहां शनिवार की रात एक फंक्शन था। पीड़िता के साथ कार्यक्रम में जाने के लिए उसका सहकर्मी तैयार हो गया और पीड़िता ने शहर के गुंजन थिएटर से शाम के करीब साढ़े पांच बजे उसे अपनी कार में पिक कर लिया।
दोनों ने कार्यक्रम में पहुंचने से पहले कॉफी पीने का मन बनाया। युवती ने कार को कोरेगांव स्थित एक रेस्टोरेंट की तरफ ले गई। दोनों को रेस्टोरेंट का माहौल पसंद नहीं आया तो युवती ने कार मंढवा स्थित रेस्टोरेंट की तरफ मोड़ दी। पीड़िता के सहकर्मी ने अपने लिए बीयर मंगाई और युवती के लिए आइस्ड टी (एक प्रकार की चाय) मंगाई।
युवती ने दो कप आइस्ड टी का सेवन किया और बेहोशी होने लगी। पुलिस के मुताबिक युवती की चाय में जरूर कुछ नशीला पदार्थ मिलाया गया था जिसके असर से युवती खुद न तो चल सकती थी और न ही खड़ी हो सकती थी। इस हालत में आरोपी सहकर्मी ने युवती को उसके घर पहुंचाने के बजाय नापाक मंसूबों को अंजाम देने के लिए धनोरी का रुख किया।
कब मिलेगी दुष्कर्मियों को सजा?
बेहोश युवती को एक बेडरूम में ले जाया गया। जहां पांच लोगों ने बारी-बारी से युवती के साथ दुष्कर्म किया। रात के करीब ढाई बजे पेट के निचले हिस्से में भारी दर्द होने से पीड़िता को होश आया तो आरोपी सहकर्मी ने कार से उसे उसके घर छोड़ा।
कुछ और घंटों के बाद भी जब दर्द कम नहीं हुआ तो पीड़िता के घरवालों को शक हुआ और पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी।
मामले की तफ्तीश में लगे सीनियर इंस्पेक्टर जानमोहम्मद पठान ने बताया कि रेस्टोरेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। रेस्टोरेंट कर्मियों और ग्राहकों से भी पूछताछ की जा रही है।