15 साल की पीड़िता अक्सर घर में अकेली रहती थी। उसका पड़ोस में रहने वाले शिक्षक के घर आना-जाना था। लेकिन शिक्षक की नीयत ठीक नहीं थी।
जिसका डर था वही हुआ। शिक्षक ने एक साल पहले उसे अपनी हवस का शिकार बनाया। और फिर उसके बाद यह सिलसिला चल पड़ा। मामला तब खुला जब गर्भपात कराने के दौरान किशोरी की जान पर बन आई।
शनिवार को पीड़िता के पिता ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज कराया। आरोपी अभी फरार है। घटना उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले की है।
प्रेमा (परिवर्तित नाम) के पिता मजदूरी का काम करते हैं और अक्सर घर से बाहर रहते हैं। पत्नी की मौत होने के चलते घर में प्रेमा अकेले रहती है।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, आरोपी शिक्षक रामगोपाल कुटार गहरौली खुर्द के प्राथमिक स्कूल में तैनात है और परिवार के साथ पड़ोस में रहता है। अक्सर बाहर रहने के कारण उसकी बेटी शिक्षक के घर आती-जाती थी। इसी का फायदा उठाकर रामगोपाल पिछले एक साल से किशोरी से रेप करता रहा।
शुक्रवार को उसे जानकारी तब हुई जब लड़की का गर्भपात करने के लिए टीचर उसे अस्पताल ले गया। हालत बिगड़ने पर घरवालों को टीचर की करतूत पता चली।
सीओ धनंजय सिंह कुशवाहा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है। पीड़िता को मेडिकल के लिए जिला मुख्यालय भेजा गया है।