यूपी में एक और हमीरपुर कांड सामने आया है। बरेली के कस्बा फतेहगंज पश्चिमी के मोहल्ला अंसारी में शोहदों से तंग आकर आठवीं की एक छात्रा ने अपने शरीर पर मिट्टी का तेल छिड़क कर आग लगा ली। आग को बुझाने के प्रयास में उसकी दादी भी झुलस गई।
हालत नाजुक होने पर छात्रा को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से लाकर शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शोहदे छात्रा को करीब दो साल से तंग कर रहे थे। इस मामले में अधिवक्ता के बेटे और उसके दोस्त को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है, ये दोनों भी नाबालिग बताए जा रहे हैं। वकील का बेटा दसवीं का छात्र है और उसका साथी अभी सातवीं कक्षा में है।
सोमवार को साढ़े सात बजे शिवज्ञान इंटर कॉलेज की 14 वर्षीय छात्रा को स्कूल जाते समय मोहल्ले के ही एक अधिवक्ता के बेटे और उसके दोस्त ने रास्ते में घेर लिया। लड़की का आरोप है कि इन दोनों छात्रों ने फब्तियां कसीं और छेड़छाड़ करने लगे। उनके साथ और भी कई लड़के थे।