उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद स्थित इलाहाबाद विश्वविद्यालय परिसर में शुक्रवार दिन में एक बार फिर शर्मसार करने वाली घटना हुई। एमपीएड के छात्र आलोक सिंह ने विभाग की ही एक छात्रा को थप्पड़ जड़ दिए। उसने छात्रा को भद्दी-भद्दी गाली देने के साथ अश्लील हरकत भी की। इतना ही नहीं उसने छात्रा को फोन पर जान से मारने तथा चेहरे पर तेजाब फेंकने की भी धमकी दी।
गौर करने वाली बात यह है कि छात्रसंघ चुनाव के मद्देनजर परिसर में इन दिनों गहमागहमी का माहौल है। भारी संख्या में फोर्स भी मौजूद रही। इसके बावजूद छात्र थप्पड़ मारने के बाद भागने में सफल रहा। छात्रा ने विभागाध्यक्ष और चीफ प्रॉक्टर से लिखित शिकायत की। छात्रा की ओर से कर्नलगंज थाना में कई धाराओं में एफआईआर लिखाई गई है।
घटना दिन में दो से ढाई बजे के बीच की है। विभागाध्यक्ष डॉ.डीसी ने इसी साल शुरू एमपीएड प्रथम वर्ष की पहली क्लास ली। इसके बाद क्लास से निकले आलोक सिंह नामक छात्र ने विभाग में ही बीपीई की छात्रा से अपनी बात मनवाने के लिए जबरदस्ती शुरू कर दी। छात्रा के विरोध करने पर उसने उसे कई थप्पड़ जड़ दिए।