फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ठेकेदारों को धमकाने में फंसे सपा विधायक

विज्ञापन
विज्ञापन
सरकारी ठेकों में सत्तारूढ़ दल के विधायकों और उनके समर्थकों का हस्तक्षेप अब खुलेआम होने लगा है। सोमवार को धनीपुर मंडी परिषद के डिप्टी डायरेक्टर कंस्ट्रक्शन कार्यालय में जनेश्वर मिश्र आदर्श ग्राम सड़क योजना के तहत छह करोड़ की लागत से बनवाई जाने वाली सड़कों के ठेकों को लेकर हंगामा हो गया।
विज्ञापन


ठेकेदारों का आरोप है कि हाथरस के सादाबाद से सपा विधायक देवेंद्र अग्रवाल ने सत्ता की हनक दिखा सभी ठेकों को उनके समर्थकों को देने का दबाव बनाया। यही नहीं विधायक के ड्राइवर ने ठेकेदारों पर पिस्टल तानकर उन्हें धमकाया। ठेकेदारों की तरफ से गांधी पार्क थाने में पूरे प्रकरण की क्लिपिंग के साथ-साथ विधायक के खिलाफ तहरीर दी गई है। वहीं विधायक ने सभी आरोपों को निराधार बताया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सोमवार दोपहर दो बजे मंडी परिषद पहुंचे सपा विधायक ने सभी ठेके अपने खास लोगों को दिलवाने का दबाव अफसरों पर बनाया। बंद कमरे में पूरी सेटिंग करने का प्रयास किया, कुछ बातें अफसर मान भी रहे थे। ठेकेदारों को भनक लगी तो वे विरोध जताने लगे।
विज्ञापन

झुठे मुकदमे में फंसाने की धमकी

 विरोध के दौरान विधायक समर्थकों और ठेकेदारों के बीच कहासुनी और गालीगलौज होने लगी। राइफलें कंधों से उतर कर हाथों में आ गईं। आमने सामने राइफलें तन गईं। इस बीच विधायक का ड्राइवर अचानक पिस्टल निकाल कर ठेकेदारों पर हमलावर हुआ तो कुछ लोगों ने फुर्ती दिखाते हुए बीचबचाव कराया। अपने रसूख की धौंस दिखा रहे विधायक भी स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वहां से निकल गए। लेकिन इसके बाद ठेकेदारों ने शासन और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

दो दर्जन से अधिक ठेकेदार गांधीपार्क थाने पहुंचे और विधायक के खिलाफ तहरीर दी। तहरीर में लिखा है कि विधायक ने कार्यालय पहुंच कर सभी टेंडरों की मांग की, नहीं देने की सूरत में ठेकेदारों से गालीगलौज की। धमकाते हुए कहा कि अगर कोई ठेकेदार उनकी मर्जी के खिलाफ हाथरस में काम करने आया तो उसको झूठे मुकदमे में फंसा दिया जाएगा। ठेकेदारी करना भुला दिया जाएगा। ठेकेदारों ने तहरीर एसओ अमित यादव को सौंपी हैं। एसओ का कहना है कि तहरीर मिल गई है। आगे की कार्रवाई आला अधिकारियों के निर्देश पर होगी।

धनीपुर मंडी परिषद के डिप्टी डायरेक्टर कंस्ट्रक्शन पीके राजवंशी ने बताया कि जनश्वेर मिश्र आदर्श ग्राम योजना के तहत सड़क, नाली निर्माण के ठेकों के फार्म बंट रहे हैं। अलीगढ़ में कुल 4 करोड़ की लागत के एक दर्जन निर्माण कार्य तथा हाथरस मंडी परिषद क्षेत्र के अंतर्गत पौने दो करोड़ की लागत से दो निर्माण कार्य होने है। सोमवार को ठेकेदार फार्म लेने के लिए जमा हुए थे। इसी बीच ठेकेदारों के दो ग्रुपों में कहासुनी के बाद टकराव हो गया। विवाद के कारण अब इन ठेकों के आवेदन करने की तिथि 19 सितंबर कर दी गई है।
विज्ञापन

विधायक का इनकार

वहीं इस घटना के बारे में सादाबाद के सपा विधायक देवेंद्र अग्रवाल ने कहा, 'मैं धनीपुर मंडी परिषद गया था ताकि पंचायत चुनाव से पहले ही जनहित में जरूरी निर्माण कार्य कराएं जा सके। क्योंकि आचार संहिता लागू होने के बाद टेंडर नहीं उठ पाएंगे इसलिए मैंने अफसरों से कहा कि टेंडर प्रक्रिया को जल्द ही पूरा किया जाए। इसके अलावा मेरा ठेकेदारों से कोई विवाद नहीं हुआ है। बाकी आरोप निराधार हैं।'

इसके अलावा अलीगढ़ मंडल के मंडी उपनिदेशक केएन सहगल ने बताया कि वह स्टाफ मीटिंग में शामिल होने लखनऊ आए हैं। मुझे प्रकरण की जानकारी नहीं मिली है। लेकिन अब पता कराऊंगा। निर्माण कार्य और उसके टेंडरों के लिए धनीपुर मंडी में डिप्टी डायरेक्टर कंस्ट्रक्शन का पूरा कार्यालय है, जिसका कार्य मेरे कार्यक्षेत्र से पूरी तरह से अलग है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें