यूपी के रानीपुर के थाना क्षेत्र के पलिया गांव के निकट शुक्रवार की रात बदमाशों ने सपा कार्यकर्ता रामकुंवर यादव की गोली मारकर हत्या कर दी। शनिवार की सुबह उनका शव पोखरे के पास पड़ा मिला। उनकी बाइक भी पास में ही खड़ी थी। सूचना मिलते ही पोखरे पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई।
बाद में डीआईजी एवं पुलिस अधीक्षक ने मौका मुआयना कर वारदात के बारे में जानकारी ली। मृतक के पुत्र राजेश यादव ने अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध तहरीर दी है।
रानीपुर थाना क्षेत्र के भुसुवां अवरही निवासी सपा के कार्यकर्ता रामकुंवर यादव (50) क्षेत्रीय विधायक बैजनाथ पासवान के करीबी थे साथ ही लोहिया वाहिनी के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष रह चुके थे। इनकी पलिया बाजार में दवा की दूकान है। शुक्रवार की शाम दूकान बंद कर वे पलिया गांव में ही किसी तिलकोत्सव में शामिल होने के लिए गए थे। वापसी के दौरान इनकी हत्या कर दी गई। शनिवार सुबह उनका शव पलिया गांव से थोड़ी दूर स्थित एक पोखरे के किनारे मिला, जिसे ग्रामीणों ने शनिवार को देखा।
इसकी सूचना पुलिस और उनके परिवारीजनों को दी। सूचना पाकर डीआईजी उमेशचंद श्रीवास्तव, पुलिस अधीक्षक शिवहरि मीणा भी मौके पहुंच गए। राम कुंवर की कनपटी एवं सीने में गोली लगी थी।
पुलिस अधीक्षक शिवहरि मीणा ने बताया कि सपा कार्यकर्ता की हत्या के मामले में पांच अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। परिवार के सदस्यों से बातचीत में हत्या का कोई कारण अभी प्रकाश में नहीं आया है। जांच टीमें अलग-अलग पड़ताल कर रही हैं जल्द ही घटना का खुलासा होगा।