आंध्र प्रदेश में सेना के एक सिपाही को अपना प्रेम प्रस्ताव ठुकराना इतना बुरा लगा कि वो लड़की को अश्लील एसएमएस भेजकर और अनजान नंबरों से फोन करके परेशान करने लगा।
लड़की को इतना तंग किया गया कि आखिरकार उसे पुलिस में शिकायत दर्ज करानी पड़ी और तब आरोपी पकड़ में आया।
पुलिस के मुताबिक विशाखापट्टनम के पेंडुरथी इलाके में रहने वाली एक लड़की ने कुन्नूर के नजदीक वेलिंगटन में तैनात मयलापल्ली विनोद कुमार नाम के सैनिक का प्रेम प्रस्ताव ठुकरा दिया था।
इससे नाराज विनोद कुमार उसे अश्लील एसएमएस भेजने लगा और फोन बदल-बदल कर कॉल करने लगा। एसएमएस में उसने गंदे और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया था। लड़की ने देर रात को अनजान नंबरों से आए कॉल और एसएमएस की शिकायत पेंडुरथी थाने में कर दी।
पुलिस ने यह मामला शहर के साइबरक्राइम इनवेस्टिगेशन सेल को भेज दिया। सेल के इंस्पेक्टर बीवी वेंकटेश्वर राव ने इस मामले की छानबीन करने के बाद आरोपी के फोन के आईएमईआई नंबर और सिम कार्ड के प्रूफ से उसे पकड़ लिया।
स्पेशल ब्रांच के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त मोहम्मद खान ने बताया कि आरोपी से एक मोबाइल फोन और कई सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। उन्होंने कहा कि आगे की कार्रवाई के लिए इस मामले की जानकारी सेना को दे दी गई है।