शीना बोरा हत्याकांड से जुड़ी हर कड़ी को जोड़ने में जुटी मुंबई पुलिस काफी हद तक सफल होती दिखाई दे रही है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक आईएनएक्स मीडिया की पूर्व सीईओ इंद्राणी मुखर्जी, संजीव खन्ना, ड्राइवर श्याम राय से शीना की हत्या के सुराग मिल चुके थे।
इंद्राणी के बेटे मिखाइल और पूर्व प्रेमी सिद्धार्थ दास ने जो राज खोले हैं उनसे पुलिस के लिए सबूत जुटाना आसान हो गया। इंद्राणी के मौजूदा पति पीटर मुखर्जी से पूछताछ के बाद काफी चीजें साफ हो गई हैं। इससे माना जा रहा है कि शीना बोरा हत्याकांड के रहस्य से जल्द ही पर्दा उठ जाएगा।
रायगढ़ के गगोर्डे खुर्द गांव के जंगल में खुदाई कर लाई गई हड्डियों की फोरेंसिक जांच में खुलासा हुआ है कि वह अवशेष 22 से 25 साल की किसी युवती की थी, जो शीना बोरा की उम्र से मिलती-जुलती है।
सिद्घार्थ दास का डीएनए टेस्ट करा सकती है पुलिस
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक खुदाई से बरामद की गई 35 हड्डियां मुंबई के नायर अस्पताल में जांच के लिए दी गई थी। नायर अस्पताल के फोरेंसिक विभाग के प्रमुख डॉ. शैलेश मोहिते ने फौरन जांच के आदेश दिए थे।
उसके बाद 12 डॉक्टरों की टीम ने 12 घंटे की कड़ी मेहनत के बाद इसकी जांच कर रिपोर्ट तैयार की है। फिलहाल, अभी इसका कालीना लैब में डीएनए टेस्ट होना बाकी है जिसमें करीब दस दिन लगेगा।
वहीं, मुंबई पुलिस ने उस कार का भी पता लगा लिया है जिससे शीना के शव को रायगढ़ ले जाया गया था। इसके अलावा मुंबई पुलिस कोलकाता में इंद्राणी के पूर्व प्रेमी दास के डीएनए की भी जांच करा सकती है।
इंद्राणी ने वकीलों से कहा-गोद लिया बेटा है मिखाइल
शीना बोरा हत्याकांड की प्रमुख आरोपी इंद्राणी मुखर्जी ने अपनी वकील गुंजन मंगला से बातचीत में कहा है कि मिखाइल उसका गोद लिया बेटा है जबकि कोलकाता में सिद्धार्थ दास ने खुद सामने आकर यह स्वीकार किया है कि मिखाइल और शीना उसके ही बच्चे हैं। तब वह इंद्राणी के साथ लिव इन रिलेशनशिप में था। इंद्राणी के वकीलों का यह भी कहना है कि उनके मुवक्किल ने शीना की हत्या का गुनाह अभी तक नहीं कबूल किया है।
इंद्राणी का कहना है कि जब उसने जुर्म किया ही नहीं है तो अपराध क्यों कबूल करूं। इंद्राणी ने वकीलों से बातचीत में यह भी पूछा कि क्या पुलिस उसका नार्को टेस्ट कर सकती है। इस पर वकील गुंजन मंगला ने कहा कि उसकी (इंद्राणी) मर्जी के बिना नार्को टेस्ट नहीं हो सकता। मतलब साफ है कि इंद्राणी अब भी साफ-साफ कुछ भी नहीं बता रही है।
वकीलों से अकेले में बात नहीं कर सकी इंद्राणी: बुधवार को इंद्राणी अपने वकीलों से अकेले में बात करना चाहती थी लेकिन पुलिस ने इसकी इजाजत नहीं दी। जब भी वह वकील से बात करती थी चार-पांच पुलिस वाले खड़े रहते थे। खबर है कि अकेले में बातचीत के लिए इंद्राणी के वकील हाईकोर्ट जा सकते हैं।