उत्तर प्रदेश में बांदा जिले के कोर्रही गांव (बिसंडा) में प्रधान पद की महिला प्रत्याशी को उसके पति ने ही कटार से गला रेत कर मार डाला। यह जघन्य वारदात उसने अवैध संबंध के शक में की।
बसंडा थाना क्षेत्र के कोर्रही गांव के पास रविवार सुबह हुई इस घटना से इलाके में सनसनी है। मतगणना एजेंट की तहरीर पर पति समेत चार लोगों के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। बाद में पता चला कि पत्नी चुनाव भी हार गई है।
कोर्रही गांव निवासी रईस खां की पत्नी जुबैदा खातून (26) ने ग्राम प्रधान का चुनाव लड़ा था। वह सुबह गांव निवासी अपने मतगणना एजेंट यूसुफ खां के साथ बाइक से बिसंडा के आदर्श इंटर कालेज स्थित मतगणना केंद्र जा रही थी।
गांव से कुछ दूर नहर पुलिया के पास चार हमलावरों ने यूसुफ खां पर लाठी से प्रहार कर बाइक गिरा दी। इसे वह घायल हो गया। यूसुफ का आरोप है कि इसके बाद रईस खां ने कटार से गला रेतकर जुबैदा की हत्या कर दी। कटार के वार से जुबैदा के पैरों में भी गहरे जख्म आए।