उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में 11 वर्षीय छात्रा को 10 रुपए का लालच देकर उससे दुष्कर्म किया गया। फिर भेद खुल जाने के डर से उसकी हत्या कर दी गई।
उसका शव मंगलवार को तालाब में पड़ा मिला। पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत दो लोगों को हिरासत में लिया है।
एएसपी (देहात) शिव शंकर यादव ने बताया कि अब तक की जांच में पता चला है कि बच्ची सोमवार शाम करीब पांच बजे दशरथ के घर टीवी देखने गई थी। उसके साथ गांव के और बच्चे भी थे। करीब छह बजे बिजली चली जाने की बात कहते हुए दशरथ ने टीवी बंद कर दी और बच्चों को घर से भगा दिया। इस बालिका को उसने घर में ही रोक लिया।
एएसपी के मुताबिक पूछताछ में दशरथ ने बताया कि वह 10 रुपए का लालच देकर बच्ची को गन्ने के खेत में ले गया। वहां उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया और फिर गला दबाकर उसे मार डाला। उसके चेहरे और गले पर चाकू से वार भी किए गए हैं।
उधर, बच्ची के लापता होने पर घरवालों ने उसकी तलाश की और पुलिस को भी रात में ही सूचित कर दिया। सुबह बच्ची की लाश उसकी मां ने तालाब में पड़ी देखी।
एएसपी ने बताया कि दशरथ के अलावा उसके एक अन्य साथी को भी हिरासत में ले लिया गया है। एसएसपी के अनुसार रेप की पुष्टि के लिए बालिका के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।