भ्रमण के लिए उत्तर प्रदेश के वाराणसी आई चीनी युवती की उसके मित्र ने ही इज्जत लूटने की कोशिश की। लंका क्षेत्र की विवेक नगर कालोनी में बुधवार की रात हुई इस घटना में पीयूष राय को पुलिस ने छेड़खानी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ से पता चला है कि दोनों के बीच फेसबुक पर चैटिंग के दौरान दोस्ती हुई थी। पीयूष के बुलाने पर युवती चीन से यहां आई थी लेकिन घटना के बाद रोती हुई अपने मित्रों के साथ वापस चली गई।
पुलिस के अनुसार, विवेक नगर नासिरपुर निवासी पीयूष राय और चीन की युवती के बीच फेसबुक पर काफी दिनों से चैटिंग हो रही थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच दोस्ती बढ़ गई।
थानाध्यक्ष की मानें तो चीनी युवती के पास पैसा खत्म हो गया था। ऐसे में वह 14 दिन पहले पीयूष के घर आकर रहने लगी। बीटेक तक पढ़े पीयूष ने अपनी इस विदेशी दोस्त को पेइंग गेस्ट बनाकर शहर में घुमाया।
दोनों बुधवार की शाम ठंडई पीने गोदौलिया गए। इसके बाद दोनों विवेकनगर कालोनी लौट गए। वहां भांग का नशा हल्का करने के लिए युवती ने स्नान करने की इच्छा जताई।
आरोप है कि रात में जब वह स्नान करने के लिए बाथरूम में घुसी तभी पीयूष भी उसके साथ अंदर चला गया और उसके साथ जोर जबरदस्ती करने लगा। ऐसे में युवती शोर मचाते हुए बाहर निकल गई। युवक के काफी मनाने के बावजूद युवती ने अपने कथित मित्र के खिलाफ लंका थाने में तहरीर दे दी।
पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उसका मेडिकल मुआयना कराया। इसमें दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई। अंतिम परीक्षण के लिए स्लाइड बनाकर पैथालॉजी भेजा गया है। थानाध्यक्ष डीपी यादव ने बताया कि चीनी युवती के साथी थाने आए थे। युवती को उनके हवाले कर दिया गया।
विदेशी को ठहराने की नहीं दी सूचना
किसी विदेशी को पेइंग गेस्ट के तौर पर ठहराने से पहले स्थानीय पुलिस को सूचना देना अनिवार्य है। अपना इरादा भी पुलिस को बताना होता है, लेकिन पीयूष ने अपनी चीनी दोस्त के ठहरने की सूचना लंका पुलिस को नहीं दी।
एलआईयू प्रत्येक दिन विदेशियों की सूचना थानावार इकट्ठा करती है लेकिन स्थानीय खुफिया एजेंसी को भी इसकी जानकारी नहीं थी। पुलिस गिरफ्तार युवक के खिलाफ नियम तोड़ने की बाबत भी कार्रवाई कर सकती है।