मथुरा में कोतवाली डेंपियरनगर के गेस्ट हाउस में बुधवार देर शाम एक महिला ने अधिवक्ता पर बलात्कार करने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। महिला अपने पति के साथ करीब एक सप्ताह से गेस्ट हाउस में ठहरी हुई थी। घटना के समय महिला का पति खाना खाने के लिए बाहर गया था।
कोतवाली क्षेत्र के डेंपियर नगर स्थित गेस्ट हाउस में आगरा निवासी एक दंपति के पर्स चोरी का एक केस कृष्णानगर निवासी अधिवक्ता लड़ रहे हैं। इसके लिए दंपति पिछले एक सप्ताह से यहां रुका हुआ है।
महिला के पति का आरोप है कि जब वह बुधवार की देर शाम अपने रूम से बाहर गये तो अधिवक्ता ने आकर उनकी पत्नी के साथ बलात्कार किया।
बलात्कार की सूचना पर जमा हो गई भीड़
सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने आरोपी को मौके से ही पकड़ लिया है। पुलिस पीड़ित दंपति और आरोपी को लेकर कोतवाली आ गई। गेस्ट हाउस में बलात्कार की सूचना से मौके पर भारी भीड़ एकत्रित हो गई।
अब तक मामले में कोई तहरीर नहीं दी गई। वहीं अधिवक्ता का कहना है कि उन्हें साजिश के तहत फंसाया जा रहा है।
एसपी सिटी मनोज सोनकर पीड़ित दंपति से पूछताछ कर रहे थे। एसपी सिटी ने बताया कि महिला ने अधिवक्ता पर बलात्कार का आरोप लगाया है। अभी तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
कानपुर: छेड़छाड़ से परेशान महिला ने की आत्महत्या
उधर, कानपुर साउथ बर्रा में सहकर्मी की छेड़खानी से परेशान महिला टेक्नीशियन ने खुदकुशी कर ली है। बुधवार सुबह उसका शव मकान की पहली मंजिल के जीने में खिड़की से लटकता मिला। एचएएल में कार्यरत पति ने मोहल्ले वालों की मदद से शव को फंदे से उतारकर पुलिस को सूचना दी।
पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंच कर छानबीन की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फांसी से मौत की पुष्टि हुई है। वहीं गोविंद नगर सीओ ओपी सिंह ने बताया कि फौरी जांच में सहकर्मी देवप्रकाश शुक्ला के परेशान करने पर खुदकुशी की बात सामने आ रही है। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
बर्रा निवासी महिला पनकी स्थित लोहिया कार्पोरेशन के फिटर डिपार्टमेंट में टेक्नीशियन थीं। पति एचएएल में टेक्नीशियन हैं। मंगलवार रात पति, पत्नी और बेटी के साथ बेडरूम में सोए थे।
नींद खुली तो बिस्तर पर नहीं थी पत्नी
बुधवार सुबह पांच बजे पति की नींद खुली तो देखा पत्नी बिस्तर पर नहीं थी। बेडरूम से बाहर आकर देखा तो पत्नी जीने की खिड़की से फंदे के सहारे लटक रही थी। कमरे की तलाशी के दौरान पुलिस को लोहिया कार्पोरेशन के प्रबंधक के नाम एक पत्र मिला है।
इसमें महिला ने सहकर्मी देवप्रकाश शुक्ला पर छेड़छाड़ और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पति के मुताबिक बीते छह माह से वेदप्रकाश पत्नी को परेशान कर रहा था। ऑफिस में और घर आते-जाते छेड़खानी करता था।
पत्नी के मोबाइल फोन पर कॉल कर अश्लील बातें करता था। कई बार मना करने के बाद भी मंगलवार रात देवप्रकाश ने पत्नी को फोन कर उलटी, सीधी बातें की। इससे डिप्रेशन में आकर उसने जान दे दी।