पत्नी के मोबाइल पर अफगानिस्तान से आई कॉल ने एक दारोगा को परेशान कर दिया है। कॉल करने वाले ने बीस लाख रूपए का इंतजाम करने को कहा, बाद में रकम पांच लाख कर दी। फिरौती मांगने वाले ने दिल्ली के पते पर रुपए लाने को कहा है।
मथुरा में तैनात दरोगा का परिवार पुलिस लाइन में रहता है। गत दिनों उनकी पत्नी के मोबाइल पर 92-3055705035 नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने अपना ठिकाना अफगानिस्तान बताया।
कहा कि पांच दिन में बीस लाख का इंतजाम कर लो वरना अंजाम ठीक नहीं होगा। इससे घबराई महिला ने पति को जानकारी दी। पति ने पलटकर नंबर मिलाया तो फोन नहीं उठा। दरोगा ने नंबर के बारे में पता किया तो वह पाकिस्तान का था।
हालांकि नंबर सर्विलांस पर लगाया तो उसकी लोकेशन नहीं मिली। पांच दिन बाद फिर से फोन आया तो रणनीति के तहत महिला ने बैंक में पैसे डालने की बाबत एकाउंट नंबर मांगा। इस पर फिरौती मांगने वाले ने दिल्ली में पालम के पते पर रुपए लाने को कहा। हालांकि कोई कार्रवाई न होते देख दश्रोगा की पत्नी ने सिम तोड़ दी।
एसपी सिटी ओमवीर सिंह का कहना है कि ठगी कर मोबाइल बैलेंस चोरी करने और एकाउंट हैक करने में कुछ शातिर लगे रहते हैं। कई बार हजारों डॉलर देने के बहाने बैंक एकाउंट पूछ लेते हैं और बाद में बैलेंस साफ कर देते हैं। यह फोन कॉल भी किसी ठग की करतूत लगती है। इसका पता लगाया जा रहा है।