यूपी के झांसी में एक बार फिर मेडिकल कॉलेज के जूनियर डॉक्टरों ने गुंडई दिखाई। आपरेशन करने के लिए बीस हजार रुपये मांगने की शिकायत सीएमएस से किए जाने से भड़के जूनियर डॉक्टरों ने तीमारदार चाचा-भतीजे को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। हमलावर डॉक्टरों ने महिला को भी नहीं छोड़ा, उसकी भी धुनाई कर दी। पिटाई से चाचा-भतीजे लहूलुहान हो गए।
मेडिकल कालेज प्रशासन का कहना है कि तीमारदारों ने पहले जूनियर चिकित्सक के साथ मारपीट की थी। ललितपुर के बार निवासी लाखन 24 जनवरी को गांव में हुए झगड़े में हड्डी टूट गई थी। उन्हें मेडिकल कॉलेज के वार्ड नंबर दस में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि लाखन का आपरेशन होना था, जिसके चलते बुधवार की सुबह डाक्टरों ने 20 हजार रुपये मांगे।
रुपये देने से मना करने पर डाक्टरों ने अभद्रता की। इस पर घायल के बड़े भाई कृष्ण प्रसाद, उनकी पत्नी गोमती, भतीजे विशनु ने रुपये मांगने की मौखिक शिकायत सीएमएस डा. हरीशचंद्र आर्या से की। डा. आर्या ने सीसीटीवी के फुटेज देखकर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।