मुरादाबाद में छह घंटे की पुलिस कस्टडी रिमांड पर आए एसिड अटैक मामले के आरोपी मनी विश्नोई ने बुधवार को अपने खेत में छुपा तेजाब का वो डिब्बा बरामद करा दिया है जिस डिब्बे में ले जाकर उसने छात्रा पर तेजाब फेंका था।
पुलिस अफसरों के सामने उसने एसिड अटैक की पूरी कहानी और घटनाक्रम भी बताया। उसने विवेचक के सामने जुर्म का इकबाल करते हुए कहा है कि वह इस घटना से पहले भी कई बार छात्रा को परेशान कर चुका था।
कॉलेज आते जाते उसने छात्रा से जोर जबरदस्ती की कोशिश की थी। छात्रा उसके प्रपोजल को ठुकरा चुकी थी और इसी से भन्नाए मनी विश्नोई ने उसके चेहरे पर तेजाब फेंका था।
पहले बलात्कार की कोशिश, फिर डाला तेजाब
कांठ के मोहल्ला पट्टी वाला में बीए की छात्रा के घर में घुसे कस्बे के मनी विश्नोई पुत्र अनिल विश्नोई ने उसके साथ बलात्कार की कोशिश की थी और नाकाम रहने पर उसके चेहरे पर तेजाब फेंककर फरार हो गया था।
इस मामले में छात्रा की नानी ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। लेकिन पुलिस की सुस्ती की वजह से बेखौफ आरोपियों ने छात्रा के छोटे भाई को अगवा कर उसे कोर्ट में मनमाफिक बयान देने के लिए मजबूर कर दिया था।
‘अमर उजाला’ ने जब इस मामले में पुलिस की आरोपियों पर नरमी को मजबूती से उछाला और छात्रा को धमकियां मिलने की बात उजागर की तो सिस्टम कुछ हरकत में आया। भाई के आजाद होने के बाद छात्रा सामने आई और पूरे मामले का खुलासा किया था।
शादी के बाद नहीं करती थी बात!
अमर उजाला के चेताने के बाद बुधवार को पुलिस ने इस मामले में आरोपी मनी विश्नोई को पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेकर उससे पूछताछ की। उसने कांठ में अपने दादा के खेत में छुपा तेजाब का वो डिब्बा भी बरामद करा दिया जिससे उसने छात्रा के चेहरे पर तेजाब फेंका था।
कांठ थाने के अलावा मनी विश्नोई से मुरादाबाद में वरिष्ठ पुलिस अफसरों ने भी पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक मनी ने जुर्म का इकबाल किया है उसने बताया है कि वह छात्रा को पसंद करता था, लेकिन उसकी शादी के बाद छात्रा ने उससे बात करना बंद कर दिया था।
शादीशुदा मनी विश्नोई जबरदस्ती छात्रा के पीछे पड़ा था। मनी ने पुलिस को बताया कि वह एक जनवरी को तेजाब का डिब्बा लेकर छात्रा के घर पहुंचा और तेजाब फेंककर घर लौट आया। उसके बाद उसके पिता ने उसे मुरादाबाद पहुंचा दिया।