नई दिल्ली के निजामुद्दीन क्षेत्र में एक विदेशी युवती का सरेराह अपहरण करने का प्रयास और उससे छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। युवती जर्मनी की रहने वाली है।
पुलिस के अनुसार, जर्मनी की रहने वाली 24 वर्षीय युवती एक एनजीओ के साथ प्रोजेक्ट पर काम करने के लिए कुछ माह पहले भारत आई है। वह जंगपुरा में रह रही है।
बृहस्पतिवार रात करीब साढ़े दस बजे जब वह जंगपुरा मेट्रो स्टेशन से निकलकर सहेली के साथ घर जा रही थी तो जंगपुरा के के-3 ब्लॉक के पास बीरबल रोड पर एक 21 वर्षीय युवक ने उसे पीछे से पकड़ लिया।
युवक ने उसे खींचकर मैदान में ले जाने का प्रयास किया। इसके बाद आरोपी ने युवती के साथ छेड़छाड़ की। इस बीच आरोपी ने युवती के सामने अपने कपड़े उतार दिए और फिर से अश्लील हरकत करने लगा।
यह देखकर आसपास के मकानों में काम करने वाले सुरक्षा गार्ड युवती की सहायता के लिए भागे। सुरक्षा गार्डों को देखकर आरोपी भाग गया। एक सुरक्षा गार्ड ने इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी।
आरोपी की घिनौनी करतूत मकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। निजामुद्दीन थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी मनीष को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया।
उसके खिलाफ छेड़छाड़ और घूरने का मामला दर्ज किया गया है। मनीष निजामुद्दीन इलाके में ही रहता है और उसे पेशे से पहलवान बताया जा रहा है। उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।