सहारनपुर के बन्हेड़ा गांव में जमीन के रंजिश के चलते भतीजे ने मंगलवार को दोपहर चारपाई पर सो रहे अपने ताऊ की गोली मारकर हत्या कर दी।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हुए आरोपी को पुलिस ने गांव के समीप से गिरफ्तार कर लिया।
बन्हेड़ा गांव निवासी रमेश शर्मा (60) मंगलवार की दोपहर करीब दो बजे मकान की गली में चारपाई बिछाकर सो रहा था। इसी दौरान वहां पहुंचे उसके भतीजे मिंटू ने उसे गोली मार दी। पेट में गोली लगने से रमेश की मौके पर ही मौत हो गई।
गोली की आवाज सुनकर बाहर आए परिजनों ने जब चारपाई पर रमेश को लहूलुहान अवस्था में देखा तो उनमें चीख पुकार मच गया। काफी संख्या में ग्रामीण भी वहां जमा हो गए।