मध्यप्रदेश के मुरैना में पेट्रोल पंप संचालक गिर्राज अग्रवाल (37) की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या करने वाले बदमाशों में से एक को ग्वालियर पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मारे गए बदमाश का नाम शेरा किरार है और उस पर तीस हजार रूपए का इनाम था।
मारे गए बदमाश ने अपना एक गिरोह बना रखा था जोकि प्रदेश के विभिन्न जिलों में सक्रिय था और लगातार हत्या व लूट की वारदातों को अंजाम दे रहा था। पुलिस के अनुसार, शेरा के दो साथियों को पिछले सप्ताह पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया था।
इन सभी पर हत्या, लूट, रंगदारी वसूलने के कई मामले दर्ज थे।
सिपाही की हत्या कर लूटी थी पिस्तौल
मुरैना के जौरा में पेट्रोल पंप संचालक गिर्राज अग्रवाल की हत्या का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस हत्यारोपियों की तलाश में जुटी थी। तीन आरोपियों में से एक की पहचान शेरा के रूप में हुई थी, जिसके बाद पुलिस उसकी तलाश में जुट गई।
शुक्रवार सुबह मिली सटीक सूचना के बाद पुलिस ने आरोपी बदमाश को घेर लिया और सरेंडर करने की चेतावनी दी, लेकिन आरोपी ने मौके से भागने की कोशिश और पुलिस की गोलियों से मारा गया।
पुलिस के अनुसार शेरा ने अपने साथियों के साथ मिलकर डेढ़ सप्ताह पहले एक एएसआई की हत्या की थी। यही नहीं, करीब एक माह पहले भी सिपाही की हत्या कर उसकी पिस्टल लूट ली थी।
इस वीडियो के जरिए फंसे बदमाश
बता दें कि मृत बदमाश शेरा ने तीन दिन पहले जौरा के अंबाह हाल पुरानी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में रहने वाले पेट्रोल पंप संचालक गिर्राज अग्रवाल को गोली मारकर पंप पर रखा सारा पैसा लूट लिया था। उन्होंने करीब चार बजे एमएस रोड स्थित उसके पेट्रोल पंप पर तीन बदमाशों ने धावा बोला था।
बदमाशों ने उसके केबिन में घुसकर कनपटी पर रिवॉल्वर सटा दी और उसके पास रखे करीब 38 हजार रूपए भी लूट लिए। वारदात को अंजाम देकर तीनों वहां से फरार हो गए। घायल गिर्राज को लोगों ने जिला अस्पताल पहुंचाया लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना का चता चलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने जब वहां लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज निकाली तो बदमाशों की पूरी हरकत देखकर दंग रह गई। सीसीटीवी फुटेज के जरिए बदमाशों की पहचान की गई।