एक दलित किशोरी को अगवा कर चार दरिंदों ने कथित गैंगरेप के बाद उसकी हत्या कर दी। बुधवार को पीड़ित परिवार ने दो आरोपियों को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।
पुलिस ने दोनों की निशानदेही पर सांखनी के जंगल में गाड़ा गया किशोरी का शव बरामद कर लिया। इस सनसनीखेज वारदात के बाद लोगों का आक्रोश फूट पड़ा और उन्होंने अहार बाईपास चौराहे पर जाम लगाकर हंगामा किया। तनाव और विरोध के बीच कस्बे के बाजार बंद कर दिए गए।
किशोरी के पिता का आरोप है कि बेटी का अपहरण कर गैंगरेप के बाद उसकी हत्या की गई है। कस्बे में तनाव के चलते पुलिस बल और पीएसी को तैनात कर दिया गया है। किशोरी के पिता ने बताया कि सोमवार (तीन फरवरी) को वह पत्नी के साथ बेटी को दवा दिलाने अस्पताल गए थे।
अहार रोड स्थित सरकारी अस्पताल के पास कार सवार जाटियान निवासी आरिफ पुत्र बदलू खां, गांव सांखनी निवासी मोहसिन पुत्र मोबिन, भूरा पुत्र सिराज, साहिरे आलम पुत्र सोनू उस्मानी ने हथियारों के बल पर उनकी बेटी का अपहरण कर लिया। बुधवार सुबह उन्होंने आरोपी आरिफ और मोहसिन को दबोचकर पुलिस को सौंपा।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर शव बरामद किया। गुस्साए लोगों की भीड़ कोतवाली पहुंची और हंगामा करने लगी। इसके बाद भीड़ ने आरोपियों पर कार्रवाई के लिए अहार बाईपास चौराहे पर जाम लगा दिया। एसएसपी लक्ष्मी सिंह का कहना है कि पिता की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है।