एक मां अपने शैतान बेटे से इतना तंग आ गई कि उसे सबक सिखाने के लिए उसने बेटे को पुलिस के हवाले कर दिया। बेटे की बदतमीजियों से परेशान होकर मां ने बेटे की पॉकेट मनी बंद कर दी लेकिन फिर भी बेटे की हरकतें बढ़ती गईं।
दस साल के सीन ने जब अपने टीचर के साथ बदतमीजी की तो उसे सबक सिखाने के लिए मां ने पुलिस को ही बुला लिया। इतना ही नहीं, बेटे को पुलिस को सौंपने के बाद उसकी डरी हुई तस्वीरें मां ने फेसबुक पर पोस्ट कर दीं जोकि बाद में वायरल हो गईं।
हुआ यूं कि कोलंबस के ओहियो चिकिता हिल इलाके में रहने वाले सीन की बदतमीजियों से उसकी मां और टीचर दोनों परेशान थे। पाकेट मनी बंद करने के बाद भी वह नहीं सुधरा बल्कि उसकी शैतानियां बढ़ती गईं।
टीचर से भी करता था बदतमीजी
ऐसे में बेटे को सबक सिखाने के लिए उसकी मां ने ऐसा कदम उठाया। मां का कहना है कि वह केवल अपने बेटे को डराना चाहती थी। मां के अनुसार, मैं चाहती थी कि कुछ ऐसा हो जिससे वह बुरी तरह डरे और शैतानियां बंद कर दे।
उनका कहना है कि, सीन की बदतमीजियां बढ़ती जा रही थी, वह अपने टीचर से बहुत बुरी तरह से बात करता था और बात-बात पर उनका अनादर करता था, वह स्कूल का काम भी नहीं करना चाहता था।
नौबत यहां तक पहुंच गई थी सीन के टीचर ने उसके पेरेंट्स से उसके इस बरताव के बारे में शिकायत की। टीचर की बात सुनकर मां को इतना गुस्सा आया कि उसने सीन को सबक सिखाने के लिए पुलिस की मदद लेने का फैसला किया।
साथ में ले जाने लगी पुलिस
जब तक सीन को हथकड़ी नहीं लगाई गई उसे यकीन ही नहीं हुआ कि उसको जेल भेजा जा सकता है। सब कुछ इतनी जल्दी हुआ कि सीन को कुछ सोचने समझने का समय ही नहीं मिला।
पुलिस ने सीन को हथकड़ी लगाकर गाड़ी में बैठा लिया और ऐसे दिखाने लगे जैसे कि उसे जेल ले जा रहे हैं। मां ने कहा, पुलिसवाले उसे कार में बैठकार चलने लगे ताकि उसे ऐसा लगे जैसे कि उसे सच में हिरासत में लिया गया है।
मुझे नहीं पता कि उन्होंने सीन से क्या कहा, लेकिन वह दौड़ता हुआ मेरे पास आया और माफी मांगते हुए मुझे गले से लगा लिया। मां ने इस पुरे घटनाक्रम की तस्वीरें फेसबुक पर पोस्ट भी की जिसके बाद यह खबरें वायरल हो गईं।
फेसबुक पर इन तस्वीरों पर मिलीजुली प्रतिक्रिया आ रही है।