मुरादाबाद में रोंगटे खड़े कर देने वाली हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। मुगलपुरा थानाक्षेत्र के इनवर्टर कारोबारी रईस मंसूरी की हत्या कर दी गई। कातिलों ने उनकी लाश के टुकड़े कर रामगंगा में फेंक दिए।
मंगलवार शाम दो युवक उन्हें घर से बुलाकर ले गए थे, तब से वह नहीं लौटे। बुधवार दोपहर रामगंगा किनारे खेल रहे बच्चों ने लाश का एक टुकड़ा देखा तो हत्या की जानकारी हुई।
पुलिस ने लाश के पांच टुकड़े बरामद कर लिए हैं, लेकिन सिर नहीं मिला। परिजनों ने रामगंगा किनारे मिली स्कूटी और लाश के कपड़ों से कारोबारी की शिनाख्त की। मुगलपुरा कोतवाली में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
नदी किनारे टुकड़ों में मिली लाश
बेरहमी से कत्ल किए गए इनवर्टर कारोबारी रईस मंसूरी (38) पुत्र नबी हसन मुगलपुरा के वारसी नगर में पत्नी नुसरत जहां, बेटा कैफ, बेटी गुलफशा और शाकिब के साथ रहते थे।
पत्नी ने बताया कि मंगलवार शाम सात बजे चामुंडा गली निवासी आलम पुत्र जमा खां और शुएब इनवर्टर लगवाने के लिए बुलाकर लेकर अपने साथ ले गए।
रात नौ बजे तक रईस घर नहीं लौटे तो पत्नी ने मोबाइल पर संपर्क करना चाहा, लेकिन मोबाइल बंद था। नुसरत ने इसकी जानकारी अपने देवर आमिर को दी। इसके बाद वह आलम के घर पहुंचे।
तब पता चला कि रईस बैट्री लगाकर जा चुके हैं। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज की और आलम को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की। बुधवार दोपहर जामा मस्जिद पुल के नीचे रामगंगा किनारे कुछ बच्चे खेल रहे थे। उन्होंने यहां लाश का एक टुकड़ा पड़ा देखा वह सन्न रहे गए।
इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। एक के बाद एक, लाश के पांच टुकड़े पुलिस ने बरामद कर लिए। अभी सिर नहीं मिल पाया है। लाश के टुकड़े जिस हालात में मिले उससे अवैध संबंधों में कत्ल किए जाने की संभावना जताई जा रही है।