मेरठ में छेड़छाड़ का विरोध करने पर मौत के घाट उतारे गए सेना के जवान की पोस्टमार्टम रिपोर्ट उनके साथ हुई बर्बरता की कहानी बयां करती है। रिपोर्ट के अनुसार उनके साथ शौहदों ने इस कदर मारपीट की कि उनके शरीर पर लोहे की रॉड और अन्य हथियारों के 48 निशान गुदे हुए हैं।
घटना स्वतंत्रता दिवस से दो दिन पहले की थी। जहां मेरठ के रोहटा रोड पर रहने वाले शामली निवासी सेना के जवान वेदमित्र की कुछ शोहदों ने उस समय पीट पीटकर हत्या कर दी थी जब उन्होंने डेयरी संचालक की बेटी से छेड़छाड़ का विरोध किया था।
मनचलों ने उन्हें लोहे की रॉड, हॉकी, बेसबॉल के बल्लों और लाठियों से इस कदर बेरहमी से पीटा कि अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। उनकी मां का रो-रो कर बुरा हाल था तो पत्नी की आखों से आंसू थम नहीं रहे थे।
हादसे के बाद उनके शव का पैतृक गांव शामली के टिटौली में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया था।
छह आरोपी गिरफ्तार
बता दें कि मेरठ में तैनात सेना के जवान वेदमित्र की गुरुवार शाम उस समय हत्या कर दी गई थी जब वह दूध लेने डेयरी पर जा रहे थे। इसी दौरान पिता को चाय देने आ रही डेयरी संचालक की बेटी से कुछ शोहदों ने छेड़छाड़ कर दी।
इसका जवान वेदमित्र ने विरोध किया तो आरोपी उनसे भिड़ गए। वेदमित्र ने एक युवक की पिटाई कर दी थी। जिसके बाद उसने फोन कर अपने अन्य दोस्तों को भी बुला लिया। जिसके बाद दर्जनभर युवकों ने मिलकर वेदमित्र को बुरी तरह पीटा था। डेयरी संचालक के बेटे की भी पिटाई की गई थी।
वेदमित्र का विरोध करने पर हमलावर इस कदर भड़के हुए थे कि उन्होंने जवान को लाठी डंडो और लोहे की रॉड से जमकर पीटा था। बाद में जवान ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।
मामले में पुलिस ने हत्याकांड को अंजाम देने वाले आकाश सैनी और सतीश सैनी नाम के दो आरोपियों समेत 4 और लोगों को गिरफ्तार किया है। बाकी बदमाशों की तलाश जारी है।
यूपी में लॉ एंड ऑर्डर का बुरा हाल
शनिवार को जवान के पैतृक गांव में अंतिम संस्कार कर किया गया। शहीद की पत्नी बबीता ने गुनहगारों के लिए फांसी की मांग की है।
जवान के साथ हुई ये वारदात ये दिखाती है कि यूपी में लॉ एण्ड ऑर्डर का हाल क्या है। क्राइम का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। आए दिन मनचले ऐसी वारदातों को अंजाम देकर फरार हो जाते हैं और शासन-प्रशासन के पास सिवाय दलीलों के कुछ होता नहीं है।