सिलवर स्क्रीन पर आरुषि मर्डर केस को उकेरने की तैयारी कर रहे बॉलीवुड फिल्म निर्माता मनीष गुप्ता को आखिरकार अपनी फिल्म की मुख्य नायिका मिल गई है।
इस फिल्म का नाम है रहस्य और इसमें साक्षी सेम, आरुषि का किरदार निभाएंगी। फिल्म में माता-पिता का किरदार टिस्का चोपड़ा और आशीष विद्यार्थी संभालेंगे।
18 वर्षीय साक्षी सेम इससे पहले मनीष गुप्ता की पहली फिल्म 'डरना जरूरी है' में चाइल्ड आर्टिस्ट के रूप में काम कर चुकी हैं। इस फिल्म के प्रोड्यूसर राम गोपाल वर्मा थे। साक्षी ने अजय देवगन अभिनीत 'राजू चाचा' में भी काम किया था।
साक्षी ने बताया, "मनीष ने मुझे मीठीबाई कॉलेज के पास देखा और बताया कि वह आरुषि पर फिल्म बनाने की योजना बना रहे हैं और लीड रोल के लिए मुझे चाहते हैं। मैंने बिना स्क्रिप्ट देखे हामी भर दी।"
उन्होंने कहा, "मैंने पूरे मामले को करीब से देखा है और इसकी मदद से मुझे आरुषि के किरदार समझने में आसानी हुई। वह एक बेगुनाह किशोरी थी, जो अपने माता-पिता का सम्मान करती थी, लेकिन जैसा कि किशोरावस्था में सभी के साथ होता है, उसका उनसे टकराव भी था।"
मनीष भी साक्षी की तारीफ करने से नहीं चूके। उन्होंने कहा, "जब मैंने उन्हें 'डरना जरूरी है' में डायरेक्ट किया था, तो वह नौ साल की थीं और उनकी एक्टिंग बेहतरीन थी। 'रहस्य' में मैं उस मुद्दे को खंगाल रहा हूं, जिससे शहरी हालात में एक किशोरी दो-चार होती है। इनमें सेक्स, साथियों की ओर से दबाव और माता-पिता के साथ रिश्तों में खिंचाव शामिल हैं।"