नई दिल्ली में तिलक ब्रिज के पास ईएमयू ट्रेन में सीट को लेकर हुए झगड़े के दौरान दो युवकों ने एक शख्स पर पहले चाकू से हमला किया, फिर उसे चलती ट्रेन से नीचे फेंक दिया।
ट्रेन की चपेट आकर उसका एक पैर कट गया। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। हालांकि, पीड़ित ने पुलिस पर बयान बदलने का दबाव देने का आरोप लगाया है।
पुलिस के अनुसार, गणेश कुमार (30) पत्नी और तीन बच्चों के साथ ओम एंक्लेव पार्ट-2 अगवानपुर रोड, फरीदाबाद में किराये पर रहता है।
तिलक ब्रिज स्थित फिडर्स लॉयड कारपोरेशन लिमिटेड के गोदाम में गार्ड गणेश 25 दिसंबर की रात तिलक ब्रिज रेलवे स्टेशन से पलवल जाने वाली ईएमयू ट्रेन पर सवार हुआ।
गणेश के मुताबिक, कोच में दस लोग सवार थे। कुछ देर बाद दो युवक और चढ़ गए। दोनों उसके पास आए और अपनी सीट बताकर उठने के लिए कहा। विरोध पर युवकों ने उसे ट्रेन से फेंकने की धमकी दी।
इसके बाद पिटाई करके चाकू से हमला कर दिया। गणेश की जेब से पांच सौ रुपये और दो मोबाइल फोन छीन लिए। दोनों युवक उसे खींचकर दरवाजे पर ले आए और चलती ट्रेन से नीचे फेंक दिया। इससे गणेश का बायां पैर कट गया।
डिब्बे में मौजूद लोग यह सब देखते रहे, किसी ने भी बदमाशों का विरोध नहीं किया। गणेश को लोकनायक अस्पताल में भर्ती कराया गया। होश में आने के बाद पुलिस ने उसका बयान दर्ज कर लिया।