फोन पर खुद को डीएम बताकर एक युवक ने राबर्ट्सगंज के नायब तहसीलदार से एक लाख रुपए की ठगी कर ली। पुलिस ने नायब तहसीलदार की तहरीर पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया। घटना सोमवार की है।
मिर्जापुर के पड़री थाना क्षेत्र के कम्हारी निवासी अरुण कुमार सदर तहसील में नायब तहसीलदार हैं। सोमवार शाम चार बजे उनके मोबाइल पर एक व्यक्ति ने फोन कर खुद को जिलाधिकारी चंद्रकांत बताया।
उसने खाता नंबर बताते हुए कहा कि अरविंद कुमार के खाते में 40 हजार और नीलम के खाते में 60 हजार रुपए तत्काल जमा करा दो। नायब तहसीलदार ने डीएम की न तो आवाज पहचानी और न ही उनका मोबाइल नंबर।
उन्होंने दोनों खातों में बताई गई रकम एटीएम के जरिए ट्रांसफर कर दी। इसके बाद उन्होंने डीएम के स्टेनो से रुपए की बाबत पूछा तो उसने जानकारी होने से इनकार किया। नायब तहसीलदार के निवेदन पर स्टेनो ने इस बाबत डीएम से पूछा तो वह नाराज हो गए और इससे इनकार कर दिया।
इस पर नायब तहसीलदार ने उस नंबर पर फोन किया, तो मोबाइल बंद मिला। सोमवार देर रात अरुण कुमार ने इस मामले की तहरीर राबर्ट्सगंज कोतवाली में दी, जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
इंस्पेक्टर डीपी शुक्ला ने बताया कि मोबाइल नंबर को ट्रेस करने की कोशिश की जा रही है।