तीन सौ से ज्यादा नाबालिग लड़कियों का यौन त्पीड़न करने वाले एक शख्स के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। आरोपी ने अमेरिका समेत दुनिया के कई देशों घूमते हुए इस वारदात को अंजाम दिया।
जानकारी के अनुसार, आरोपी शख्स कैलिफोर्निया का रहने वाला है। ब्लेक रॉबर्ट जॉनसन (41) पर आरोप लगा है कि अक्तूबर 2014 में दूसरे राज्य की यात्रा के दौरान उसने कई लड़कियों के साथ शर्मनाक हरकतें कीं।
अमेरिकी इमीग्रेशन और कस्टम इनफोर्समेंट की ओर से जारी की गई सूचना में इस बात की जानकारी दी गई कि आरोपी ने मासूमों के यौन उत्पीड़न के लिए ही यात्राएं कीं। उसके खिलाफ ऑकलैंड में मामला दर्ज हुआ है।
कंप्यूटर और मोबाइल के जरिए हुआ खुलासा
आरोपी के खिलाफ नाबालिगों के यौन उत्पीड़न, आपराधिक व्यवहार, ऑनलाइन अपराध, चाइल्ड पोर्नोग्राफी के आरोप लगे हैं। आरोपी के कंप्यूटर और मोबाइल की जांच के दौरान पुलिस को पीड़ितों की पहचान में काफी मदद मिली। उसने 12 राज्यों के अलावा दूसरे देशों में भी अपनी शर्मनाक करतूत जारी रखी।
इस मामले में पड़ताल के बाद बनाई गई रिपोर्ट में आशंका जताई गई है कि उसने करीब 300 लड़कियों को हवस का शिकार बनाया है। उसने ऑस्ट्रेलिया, आयरलैंड और यूनाइटेड किंगडम में लड़कियों को शिकार बनाया।
सैन फ्रैंसिस्को में मामले की जांच कर रहे स्पेशल एजेंट टैटम किंग ने कहा कि वह उन सभी लोगों से सामने आने की अपील करते हैं जिन्हें आरोपी ने सताया है।
जांच कर रही टीम को आशंका है कि आरोपी ने कई मोबाइल इस्तेमाल किए, साथ ही फेसबुक, स्काइप समेत दूसरी सोशल साइट्स के जरिए भी लड़कियों को आकर्षित किया। उसे बीते साल अक्तूबर में गिरफ्तार किया गया था और मंगलवार को कोर्ट में पेश किया गया।