नौकरानी हत्याकांड में फंसे जौनपुर के बसपा सांसद धनंजय सिंह की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। अब मयूर विहार की रहने वाली एक महिला ने धनंजय पर रेप का आरोप लगाया है।
पुलिस ने सांसद के खिलाफ रेप, जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला ने आरोप लगाया है कि धनंजय वर्ष 2005 से 2009 के बीच लगातार रेप करता रहा।
महिला ने कहा कि सांसद के डर के कारण अभी तक वह चुप रही थी। 42 वर्षीय महिला के आठ व दस वर्ष के दो बच्चे हैं। दिल्ली के पांडव नगर थाने में दी शिकायत में महिला ने बताया कि वह रेलवे में कार्यरत है और पति-पत्नी गोरखपुर के रहने वाले हैं।
उसके पति का दिल्ली में व्यवसाय है और 2005 में किसी कारोबारी के जरिए सांसद धनंजय लंच पर उनके घर आया था। इसके बाद वह किसी न किसी बहाने से लगातार उनके घर आने लगा।
शिकायत के मुताबिक, जुलाई 2005 में एक दिन जब वह घर में अकेली थी तो धनंजय उनके घर आया और पिस्टल की नोक पर उससे रेप किया।
सांसद ने किसी को भी बताने पर पति व बच्चों की हत्या की धमकी दी। इसके बाद यह सिलसिला 2009 तक जारी रहा। महिला पिछले तीन दिन से पांडव नगर थाने में शिकायत लेकर जा रही थी।
इसी दौरान सांसद की ओर से उसे धमकियां मिलनी शुरू हो गईं। इतना ही नहीं उसकी कार को भी टक्कर मारने का प्रयास किया गया।
पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त अजय कुमार ने बताया कि देर रात महिला ने थाने पहुंचकर धनंजय के खिलाफ रेप की शिकायत दी, जिस पर मामला दर्ज कर लिया गया है। धनंजय व उसकी पत्नी जागृति को पुलिस ने नौकरानी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया था।