सोमवार की रात्रि ऊंचाहार एक्सप्रेस की जनरल बोगी में मंगलामुखी वेष में चढे़ बदमाशों ने यात्रियों से जमकर लूटपाट की। बदमाश यात्रियों से लाखों रुपये की नकदी, आभूषण व अन्य सामान लूटकर गाजियाबाद स्टेशन से पहले उतरकर फरार हो गए। लूट के शिकार यात्रियों ने अलीगढ़ स्टेशन पर रिपोर्ट दर्ज कराने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
सोनीपत के रास्ते होकर आने वाली ऊंचाहार एक्सप्रेस सोमवार रात्रि करीब 9.30 बजे दिल्ली रेलवे स्टेशन से चली थी। ट्रेन के चलते ही पिछली जनरल बोगी में मंगलामुखी वेश में बैठे बदमाशों ने तमंचे और चाकू निकाल लिए तथा यात्रियों से लूटपाट शुरू कर दी। विरोध करने पर यात्रियों की पिटाई की गई।
लूटपाट के बाद बदमाश गाजियाबाद रेलवे स्टेशन से पूर्व ही ट्रेन की गति धीमी होने पर उतरकर भाग गए। भागते समय बदमाश यात्रियों से लूटे गए मोबाइल फोन गाड़ी में ही फेंक दिए। लूट के शिकार यात्रियों ने अलीगढ़ रेलवे स्टेशन पर पुलिस के जवानों को घटना की जानकारी दी, पुलिसकर्मियों ने घटना दिल्ली का बताते हुए यात्रियों को वापस ट्रेन में बैठाकर रवाना कर दिया।