उत्तर प्रदेश में मेरठ के मुंडाली थाना क्षेत्र के एक गांव से महिला का अपहरण कर पड़ोसी युवक देहरादून ले गया। यहां चार दिन तक बंधक बनाकर रखा और दुष्कर्म किया।
किसी तरह मुक्त होकर गांव लौटी महिला ने पुलिस से शिकायत की। आरोप है कि इसके बावजूद मुंडाली थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की।
बृहस्पतिवार दोपहर पीड़ित महिला कुछ ग्रामीणों के साथ एसएसपी दफ्तर पहुंची। उन्होंने बताया कि महिला का पति मेरठ में ठेली लगाकर चाट बेचता है। 26 दिसंबर को जब महिला और उसके बच्चे घर पर अकेले थे, तो एक बच्चे की तबीयत खराब हो गई।
पढ़ें, सब इंस्पेक्टर ने किया महिला कांस्टेबल से रेप
इसके बाद पड़ोसी युवक को साथ लेकर महिला डॉक्टर के यहां चली गई। आरोप है कि पड़ोसी युवक ने रास्ते में महिला को प्रसाद खिलाया, जिसे खाने के बाद वह बेहोश हो गई।
महिला को होश आया तो उसने खुद को एक कमरे में बंद पाया। आरोपी ने बेटे को जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। 31 दिसंबर को आरोपी कहीं चला गया तो महिला बेटे के साथ वहां से निकल आई।
बाहर आने पर उसने लोगों से पता पूछा, तो उसे मालूम हुआ कि वह देहरादून में मस्जिद वाली गली में है। एक व्यक्ति की मद्द से उसने अपने भाई को फोन से जानकारी दी।
पढ़ें, जिस नौकर पर था यकीन, उसी ने की वारदात
इसके बाद देहरादून पहुंचा भाई उसे लेकर आया। फिर मुंडाली थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने महज एनसीआर दर्ज कर पल्ला झाड़ लिया।
एसएसपी दफ्तर पर पीआरओ को शिकायत पत्र देने के बाद एसओ मुंडाली को आरोपी के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया गया।
थाने पहुंचे, तो धमका कर भगा दिया
पीड़ित महिला के साथ एक अधिवक्ता भी मुंडाली थाने पहुंचे। अधिवक्ता ने बताया कि एसओ ने महिला का मेडिकल नहीं कराया और धमकाकर भगा दिया।
इसके चलते दर्जनों ग्रामीणों के साथ दोपहर बाद वह फिर से एसएसपी आवास पर आए। एसएसपी ने एसओ मुंडाली को निर्देश दिया तब एसओ ने शुक्रवार को महिला का मेडिकल कराने की बात कही।