जालसाजों ने इंटरनेट बैंकिंग से एक व्यक्ति का पूरा खाता ही खाली कर दिया। यही नहीं जालसाजी का पता न चले इसको ध्यान में रखते हुए उसके मोबाइल नंबर को भी बंद करा दिया। इसके चलते पीड़ित को मोबाइल पर एसएमएस अलर्ट तक नहीं आया।
जालसाजी के तीन दिन बाद मामला तब उजागर हुआ जब पीड़ित वीरेंद्र खाते से धन निकालने गया। बैंक से डिटेल निकलवाने के बाद पता चला कि उसके एकाउंट से उसी बैंक के गोरखपुर जनपद के गोला बाजार निवासी एक लड़की के खाते में इंटरनेट बैंकिंग के जरिए धन ट्रांसफर किया गया है। इस संबंध में पीड़ित ने बैंक से शिकायत के साथ ही थाने में तहरीर दी है।
घोसी कोतवाली क्षेत्र के सुकलौली गांव निवासी वीरेंद्र कुमार पुत्र रामनगीना का अमिला थानीदास के यूनियन बैंक में खाता है। उसने बैंक से एटीएम के साथ ही मोबाइल पर एसएमएस अलर्ट की सुविधा भी ले रखी है। लेकिन जालसाजों ने पहले उसका मोबाइल नंबर बंद कराया फिर 12 अप्रैल को उसके एकाउंट से एक लाख 11 हजार रुपए इंटरनेट बैंकिंग से उड़ा दिए।