दुनिया भर की पुलिस एक अफगान महिला की सरगर्मी से तलाश कर रही है। उस पर सात करोड़ से अधिक रुपए लेकर फरार होने का आरोप है।
काबुल के अजीजी बैंक के मनी ट्रांसफर विभाग में काम करने वाली 22 वर्षीय शोकोफा सालेही सात करोड़ 36 लाख रुपए अपने रिश्तेदारों के खाते में ट्रांसफर कर गायब हो गई।
डेली मेल के अनुसार, जांच अधिकारियों का कहना है कि वह लगभग दो महीने से गायब है। वह नौ साल से बैंक में काम कर रही थी। ऐसा माना जा रहा है कि इस वारदात में उसके साथ कम से कम नौ और लोग भी शामिल हैं।
सालेही के खिलाफ धोखाधडी़ और पद के दुरुपयोग का मामला दर्ज किया गया है। उसके खिलाफ इंटरनेशनल अरेस्ट वारंट जारी किया गया है।
अधिकारियों को मानना है कि सालेही ने वारदात को अंजाम देने के बाद अपना नाम समीरा रख लिया और भारत भाग गई। हालांकि अभी वह कहां है इसके बारे में कोई सुराग नहीं है।
दुबई में इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। भारत सरकार भी मदद कर रही है।