मथुरा में न्यायालय में घरेलू हिंसा की सुनवाई पर आई पत्नी पर भगोड़े सैनिक पति ने कोर्ट में ही चाकू से ताबड़तोड़ प्रहार कर दिए। दिल दहला देने वाली इस घटना के बाद भगदड़ मच गई। प्रहार करने वाला इस कदर बेकाबू था कि उसने बीचबचाव करने वाले अर्दली को भी चाकू मार दिया। महावन थानाध्यक्ष ने रिवाल्वर तान कर उसे किसी तरह काबू में किया। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि महिला की हालत गंभीर बनी हुई है।
जिला जज दिनेश कुमार सिंह ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कहा है कि न्यायालय परिसर में कोई भी हथियार लेकर न घुसने पाए इसकी व्यवस्था कराई जाएगी।
थाना नौहझील के गांव नौसेरपुर निवासी प्रेमपाल (35) का अपनी पत्नी लक्ष्मी देवी पुत्री विजय सिंह निवासी खैर अलीगढ़ से घरेलू हिंसा को लेकर केस चल रहा है। इसकी सुनवाई अपर सिविल जज पंचम के यहां हो रही है। पेशे से शिक्षामित्र लक्ष्मी शुक्रवार को भाई गजराज के साथ कोर्ट आई थी। प्रेमपाल भी अपनी 11 साल की बेटी पूना, आठ साल के कृष्णा और चार साल के आकाश के साथ कोर्ट पहुंचा।
कोर्ट में जज के अवकाश पर होने के चलते पेशकार अगली तारीख दे रहे थे। दोपहर दो बजे तीनों में विवाद के बीच मारपीट हो गई। इसके बाद प्रेमपाल ने सब्जी काटने वाला चाकू निकाला और लक्ष्मीदेवी की गर्दन और कंधे पर प्रहार कर दिया। प्रहार इतना तेज था कि कोर्ट में खून ही खून दिखने लगा। प्रेमपाल चाकू घुमाता हुआ भागने लगा। कोर्ट अर्दली पुरुषोत्तम लाल ने रोकने की कोशिश की तो आरोपी ने उसके भी हाथ पर चाकू मार दिया।
खून से सना चाकू लहराते हुए आरोपी प्रेमपाल भाग रहा था कि दूसरी कोर्ट में बयान करा रहे एसओ महावन अखिलेश त्रिपाठी ने रिवाल्वर तान दी। सीढ़ियों पर प्रेमपाल को काबू में किया। मौजूद लोगों और वकीलों ने प्रेमपाल की जमकर पिटाई की और पुलिस को सौंप दिया। महिला का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है और हालत चिंताजनक बनी हुई है। महिला के भाई गजराज ने प्रेमपाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।