यूपी के शाहजहांपुर में एक ऑनर किलिंग का मामला प्रकाश में आया है। जानकारी के अनुसार थाना सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला बाडूजई प्रथम में विपिन सक्सेना नाम के युवक ने अपने दोस्त अखिलेश यादव उर्फ चंचल और अपनी बहन प्रियंका सक्सेना की अपने ही घर में 315 बोर के तमंचों से गोली मार कर हत्या कर दी।
दोनों की हत्या के बाद विपिन ने घर के बाहर आकर भी गोलियां दागीं, जिसमें पड़ोस में रहने वाला सचिन वर्मा घायल हो गया। इसके बाद हमलावर फरार हो गया।
मृतक अखिलेश के भाई मुनीश्वर यादव उर्फ रवि की ओर से लिखाई गई रिपोर्ट में रुपये के लेन-देन के विवाद में गोली चलना बताया गया हालांकि एसपी ने इसे ऑनर किलिंग बताया है। पुलिस ने धारा 302,307 और 452 के तहत मुकदमा दर्ज कर घटनास्थल पर पुलिस तैनात कर दी है।
बचपन की दोस्ती भी काम ना आई
मोहल्ला बाडूजई प्रथम में रहने वाले चंद्र कुमार सक्सेना आर्डिनेंस क्लाथ फैक्ट्री (ओसीएफ) में कर्मचारी हैं। उनके छोटे बेटे 25 वर्षीय विपिन सक्सेना की मोहल्ला लाला तेली बजरिया के 25 वर्षीय अखिलेश यादव उर्फ चंचल से बचपन से ही दोस्ती थी।
दोनों एक निजी टेलीकॉम कंपनी में सेल्समैन थे। पुलिस के अनुसार, अखिलेश के विपिन की 21 वर्षीय बहन प्रियंका से प्रेम संबंध हो गए थे।
प्रियंका जीएफ कॉलेज में बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। अखिलेश रविवार सुबह करीब नौ बजे विपिन के घर आया था। विपिन के पिता सुबह सात बजे नौकरी पर चले गए। मां सूरजमुखी लखनऊ गई हुई हैं। विपिन भी घर पर नहीं था। प्रियंका और अखिलेश घर की दूसरी मंजिल पर बने कमरे में थे।
एक साथ दो तमंचे से फायर
प्रियंका और अखिलेश को एक साथ देखकर विपिन दोनों हाथों में 315 बोर के दो तमंचे लेकर आया और अखिलेश पर दो फायर झोंक दिए। एक फायर अखिलेश की पीठ में दूसरा उसके सिर में लगा। अखिलेश की मौके पर ही मौत हो गई।
यह देख प्रियंका छत से नीचे की तरफ भागी। घर के बरामदे में विपिन ने प्रियंका को घेर लिया और उसके सिर में तमंचा सटाकर गोली मार दी, जिससे उसकी भी वहीं मौत हो गई। इसके बाद विपिन बाहर निकला और पड़ोस में रिटायर्ड वेटेनरी डॉक्टर आरबी लाल वर्मा के दरवाजे पर खड़े उनके 28 वर्षीय बेटे सचिन वर्मा को गोली मार दी।
गोली सचिन के सीने में दाहिनी ओर लगी। इसके बाद विपिन तमंचे लहराता हुआ फरार हो गया। दोपहर बाद सचिन का शहर के एक निजी अस्पताल में आपरेशन कर गोली निकाल दी गई। डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत खतरे से बाहर है।