मेरठ में कंकरखेड़ा इलाके के शोभापुर गांव में शुक्रवार शाम एक युवक ने माता-पिता के सामने अपनी छोटी बहन को मौत के घाट उतार दिया। युवती पड़ोस के युवक से प्रेम करती थी और सुबह परिवार को मकान में बंद कर उसके साथ फरार गई थी।
आरोपी ने खुद थाने पहुंचकर पुलिस के सामने अपना जुल्म कबूल किया। पुलिस छात्रा के प्रेमी की तलाश में लगी है।
पुलिस ने बताया कि शोभापुर निवासी बाबूलाल सिमबलवाल की बेटी भारती (18 वर्ष) कैंट स्थित सिटी वोकेशनल स्कूल में कक्षा 11वीं की छात्रा थी। पुलिस के मुताबिक, छात्रा का पड़ोसी राहुल से चार साल से प्रेम प्रसंग था। परिजनों ने छात्रा को कई बार समझाया, लेकिन वह नहीं मानी।
चोटी पकड़कर घसीटते हुए ले गया अंदर
शुक्रवार तड़के पांच बजे भारती अपने परिजनों को घर में बंद कर राहुल के साथ फरार हो गई। करीब एक घंटे बाद परिजनों ने जैसे-तैसे कुंडी तोड़ी और बाहर आए।
काफी तलाश के बाद भी वे नहीं मिले तो शाम चार बजे बाबूलाल ने शोभापुर पुलिस चौकी पर राहुल के खिलाफ तहरीर दे दी। उधर, युवक के परिजन भारती और राहुल को मोदीनगर से पकड़कर ले आए।
शाम करीब छह बजे भारती को उसकी मां राहुल के घर से ले आई। भारती को देखते ही उसके बडे़ भाई अमित उर्फ छोटे आगबबूला हो गया। उसने मां के पास से भारती को अपनी तरफ खींचा और चोटी पकड़कर घसीटते हुए कमरे में ले गया। अंदर से कुंडी लगाई और चाकू से उसकी गर्दन काट दी।
खिड़की से सब कुछ देखते रहे मां-बाप
माता-पिता कमरे की खिड़की से पूरे घटनाक्रम देखते रहे। कत्ल के बाद अमित ने दरवाजा खोला। माता-पिता दौड़कर अंदर गए, जहां लहूलुहान हालत में पड़ी भारती ने तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया।
आरोपी भाई खुद कंकरखेड़ा थाने पहुंचा। पुलिस को बताया कि उसने अपनी बहन का कत्ल कर दिया है। उसके खून से सने कपड़े देखकर पुलिस को भी यकीन हो गया। आरोपी अपने पिता के साथ चमड़े का काम करता है।
एसपी सिटी, सीओ और कंकरखेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। एसपी सिटी ओमप्रकाश ने बताया आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बाबूलाल की तहरीर पर अमित के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। वहीं, राहुल की तलाश जारी है।