ईद पर गांव राजपुर के एक व्यक्ति ने अपने घर में खूनी खेल खेला। अवैध संबंध के विरोध पर उसने पत्नी और साले की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद गांव में दहशत फैल गई।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बेटे ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। गांव राजपुर निवासी तुफैल पुत्र जुम्मा मजदूरी करता है।
उसकी शादी 18 वर्ष पूर्व गांव लवांगई, थाना कुडू जिला लोहड़दगा, झारखंड निवासी जलील की बेटी सलमा से हुई थी। उसके पास पांच बच्चे हैं। साला असगर गुड़गांव की एक कंपनी में नौकरी करता था।
आवाज सुन कर आए लोग
वह अक्सर घर आया करता था। ईद पर भी वह राजपुर आया हुआ था। रात्रि
में पत्नी व बच्चे आंगन में सो रहे थे। साला असगर और बड़ा बेटा सुहैल (17)
ऊपर छत पर चारपाई पर सो रहे थे।
रात लगभग डेढ़ बजे तुफैल तमंचा लेकर ऊपर
पहुंचा तथा असगर के सिर में गोली मार दी।आवाज सुनकर घर के लोग जाग गए तथा बच्चों में चीख पुकार मच गई।
इतने में ही तुफैल नीचे आया और तमंचा दोबारा लोड कर पत्नी सलमा के गोली मार दी। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। गांव में जगार होती देख तुफैल वहां से भाग गया।
अवैध संबंध का विरोध किया था बीवी ने
मामले में बेटे सुहैल ने पिता तुफैल के खिलाफ कोतवाली में हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। सीओ ओपी सिंह के मुताबिक तुफैल कुछ दिन पहले एक दूसरी महिला को बिहार से घर ले आया था, जिसका विरोध करने पर वापस छोड़ आया।
इसी के चलते पत्नी व साले से नाराज था। उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी थी। वह तीन चार दिन से खाना नहीं खा रहा था। शनिवार रात्रि में उसने दोनों की हत्या कर दी।
उधर पुलिस ने सोफा नहर के पास से आरोपी तुफैल को गिरफ्तार कर लिया। रविवार को एसएसपी जे रवेंद्र गौड़ भी कोतवाली पहुंचे और आरोपी से पूछताछ की।
आरोपी को कोई पछतावा नहीं
साले और पत्नी की हत्या कर पांच बच्चों को अनाथ करने वाले तुफैल को वारदात के बाद जरा भी मलाल नहीं था। रविवार को कोतवाली में उसके चेहरे पर पश्चाताप के जरा से भी भाव नहीं थे। उसका कहना था कि मैं नहीं मारता तो वह मुझे मार डालते।
पत्नी के चरित्र पर शक के चलते उसने वारदात को अंजाम दिया। साला भी बहन का पक्ष लेता था। आरोप है कि साला भी दूसरी महिला को घर ले आया था। लेकिन समाज के लोगों ने इसे गलत बताया तो उसे वापस छोड़ आया।
एक वर्ष पूर्व पत्नी और साले ने मिलकर उसकी डंडो से जमकर पिटाई की थी। तभी से वह क्षुब्ध था। साला उसकी पांच बीघा जमीन को हड़पने की फिराक में था, जिसके चलते दोनों की हत्या कर दी।