यूपी के थाना सिकंदराराऊ क्षेत्र के एक गांव में गैंगरेप पीड़ित एक किशोरी की मां को शनिवार गोली मारकर घायल कर दिया गया। गोली आखिर किसने मारी, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। घायल महिला को उपचार के लिए अलीगढ़ भेजा गया है। पुलिस मामले की छानबीन में लगी है। अभी तक मामले की रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है।
थाना सिकंदराराऊ क्षेत्र के एक गांव की एक किशोरी के पिता ने 22 जुलाई को थाने में तहरीर दी कि गांव के तीन युवक उसकी बेटी को बहला-फुसला कर अपहरण कर ले गए हैं। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली। रिपोर्ट में देवेश उर्फ देवा, आशीष और सोनपाल को नामजद किया गया।
उसके बाद पुलिस ने देवेश उर्फ देवा को गिरफ्तार कर 13 दिन बाद किशोरी को बरामद कर लिया। पुलिस के मुताबिक तो जब किशोरी से विवेचनाधिकारी ने पूछताछ की तो उसका कहना था कि वह अपनी मर्जी से अपने प्रेमी के साथ गई थी। उसके बाद किशोरी को पुलिस ने उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।