यूपी के कैबिनेट मंत्री आजम खान के गढ़ रामपुर में ईंट भट्ठे पर काम करने वाली तीन महिलाओं से मंगलवार को गैंगरेप करने का मामला सामने आया है। भट्ठा मालिक और ठेकेदार ने बदनामी का हवाला देकर बात को दबाने की बात कही।
बाद में महिलाओं ने किसी तरह से शहजादनगर थाने पहुंचकर मामले की जानकारी दी, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इसके बाद वे एसपी से मिलने पहुंची। एसपी ने रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए हैं। एसपी के आदेश पर महिला थाने में अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की शिकायत महिला आयोग में भी की गई है।
खजुरिया थाना क्षेत्र की तीन महिलाएं यहां भट्ठे पर रहकर मजदूरी करतीं हैं। मंगलवार को तीनों एसपी से मिलीं, जहां उन्होंने अपनी शिकायत दर्ज कराई।
एसपी के आदेश पर हुई रिपोर्ट दर्ज
महिलाओं का आरोप है कि वे ढाई माह पहले भट्ठे पर मजदूरी करने के लिए परिवार समेत आई थीं। 19 जनवरी की रात में तुमड़िया गांव के तीन युवक उनकी झोपड़ी में घुस आए, जहां युवकों ने उनके साथ गैंगरेप किया। विरोध करने पर युवकों ने तमंचा तान दिया। जाग होने पर महिलाओं के परिजनों को भी हमलावरों ने बंधक बना लिया।
करीब एक घंटे तक यह सब चलता रहा और फिर युवक मौके से भाग गए। अगले दिन मामले की जानकारी भट्ठा स्वामी को दी गई, लेकिन उसने बदनामी के डर से शिकायत न करने की बात कही। आरोप है कि भट्ठा मालिक ने पीड़िताओं और परिवार के लोगों को बंधक बना लिया, लेकिन वह किसी तरह 24 जनवरी को बचकर अपने गांव पहुंच गईं।
मामले की शिकायत शहजादनगर पुलिस से की गई, लेकिन उन्होंने एक न सुनी। इसके बाद महिलाओं ने एसपी से मामले की रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग रखी। एसपी साधना गोस्वामी ने मामले में रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दे दिए हैं। एसपी के आदेश के बाद महिला थाने में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की शिकायत महिला आयोग से भी की गई है।
दो महिलाओं के पति अभी भी हैं बंधक?
पीड़ित महिलाओं की
मानें तो भट्ठा स्वामी ने गैंगरेप की शिकार दो महिलाओं के पति को अभी भी
बंधक बना रखा है। उन्होंने एसपी से इन दोनों मुक्त कराने की मांग की है।
दूसरी ओर पुलिस का कहना है कि दोनों के पति घर पर मौजूद हैं।
एसपी
साधना गोस्वामी ने बताया कि महिलाओं की शिकायत के आधार पर महिला थाने में रिपोर्ट दर्ज
कर ली गई है, जहां बंधक बनाए जाने का सवाल है, पुलिस गई तो दो महिलाओं के
पति घर पर मौजूद रहे।
उन्होंने कहा कि घटना 19 जनवरी की है। रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। अब
महिलाओं का मेडिकल कराकर अगली कार्रवाई होगी।