उत्तर प्रदेश के लखीमपुर में थाना संपूर्णानगर क्षेत्र के एक गांव निवासी तीन युवकों ने दूसरे समुदाय की एक किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने के साथ ही उसकी वीडियो क्लिप भी बना ली। बाद में उसे नेट पर डलवा दिया।
एसपी के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक बालेंदु भूषण सिंह ने थाने पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उनकी धरपकड़ को पुलिस की टीमें गठित की गई हैं।
थाना क्षेत्र की खजुरिया पुलिस चौकी क्षेत्र निवासी एक किशोरी को एक युवक धोखे से बुलाकर गन्ने के खेत में ले गया। वहां पहले से मौजूद दो अन्य युवकों के साथ मिलकर उसने किशोरी से सामूहिक दुराचार किया।
तीनों युवकों ने उसकी वीडियो क्लिप भी बना ली। आरोपियों ने उसके जिस्म को सिगरेट से भी दागा। घटना करीब तीन माह पुरानी है। लोकलाज के कारण किशोरी और उसके परिवार वालों ने मुंह नहीं खोला।
इस बीच युवकों ने किशोरी से फिर मनमानी करनी चाही, लेकिन वह राजी नहीं हुई तो युवकों ने डाउनलोडिंग का काम करने वाले एक युवक की मदद से करीब सात मिनट की बताई जा रही अश्लील वीडियो क्लिप को पहले तमाम लोगों में बंटवाया और बाद में नेट पर डाल दिया।
इसकी जानकारी होने पर किशोरी व उसके परिवार वालों ने पहले स्थानीय पुलिस और फिर उच्चाधिकारियों से शिकायत की। मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के कारण तनाव का माहौल पैदा होने की सूचना पर एसपी सत्येंद्र सिंह ने इसे गंभीरता से लिया।
उन्होंने एएसपी बालेंदु भूषण सिंह को मौके पर भेजा। प्रभारी एसओ रामजीत यादव के मुताबिक पीड़ित परिवार की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ बलात्कार, अश्लील क्लिप बनाने, अपहरण, आदि धाराओं में मुकदमा दर्ज कर किशोरी को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया गया। पुलिस ने आरोपियों की भी तलाश शुरू कर दी है।